Date: 12/11/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

छठ महापर्व को लेकर बाजार सजकर तैयार, डाला-सूप और पूजन सामग्री की खरीदारी में उमड़ी भीड़!

11/12/2026 12:49:50 PM IST

13
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

Dhanbad : लोक आस्था, शुद्धता और सादगी का चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू होने जा रहा है। छठ महापर्व के आगमन को लेकर धनबाद के बाजारों में भी रौनक बढ़ने लगी है। शहर के विभिन्न इलाकों में डाला, सूप, लकड़ी, पूजन सामग्री और फलों की दुकानें सजकर तैयार हो चुकी हैं। बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ भी उमड़ने लगी है। श्रद्धालु अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार छठ पूजा से जुड़ी आवश्यक सामग्रियों की खरीदारी कर रहे हैं। वहीं, बाजार में छठ पूजा की तैयारियों को लेकर दुकानदार भी उत्साहित नजर आ रहे हैं। लकड़ी विक्रेता ने बताया कि दुर्गा पूजा समाप्त होने के बाद से ही वे टुंडी के जंगलों से लकड़ियां लाकर बिक्री की तैयारी में जुट जाते हैं। फिलहाल लकड़ी की कीमत 20 से 30 रुपये प्रति किलो है। वहीं, सूप विक्रेता के अनुसार बाजार में एक सूप की कीमत 90 रुपये है, जबकि बड़ा डाला 500 से 600 रुपये और छोटा डाला 250 से 300 रुपये तक में बेचा जा रहा है। कुल मिलाकर छठ महापर्व को लेकर धनबाद का बाजार पूरी तरह सज चुका है। अब श्रद्धालु पूरी आस्था और उत्साह के साथ भगवान सूर्य की आराधना और छठी मईया की उपासना की तैयारियों में जुट गए हैं।

 

कोयलांचल लाइव डेस्क