Munger : लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत कल यानी 13 नवंबर से नहाय-खाय की परंपरा के साथ होने जा रही है। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व को लेकर मुंगेर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। खासकर नहाय-खाय पर बनने वाले पारंपरिक कद्दू-भात को लेकर बाजार में कद्दू की मांग काफी बढ़ गई है। आलम यह है कि मुंगेर के बाजार कद्दू से पटे नजर आ रहे हैं, वहीं मांग बढ़ने के साथ इसकी कीमतों में भी उछाल देखने को मिल रहा है। दरअसल, छठ महापर्व के पहले दिन नहाय-खाय की परंपरा निभाई जाती है। इस दिन व्रती स्नान और घर की साफ-सफाई के बाद पूरी शुद्धता और सात्विकता के साथ भोजन तैयार करते हैं। इस पारंपरिक भोजन में कद्दू की सब्जी और चावल यानी कद्दू-भात का विशेष महत्व होता है। यही वजह है कि नहाय-खाय से एक दिन पहले ही बाजारों में कद्दू की मांग बढ़ गई है।मुंगेर के सब्जी बाजारों में बड़ी संख्या में कद्दू की आवक और खरीदारी देखने को मिल रही है। दुकानदारों ने भी छठ को देखते हुए कद्दू का पर्याप्त स्टॉक रखा है। कारोबारियों के अनुसार मांग बढ़ने के कारण कद्दू की कीमतों में तेजी आई है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कद्दू-भात को शुद्ध और सात्विक भोजन माना जाता है। नहाय-खाय के दिन इसे श्रद्धा के साथ तैयार कर व्रती ग्रहण करते हैं। यह भोजन छठ के कठिन व्रत की शुरुआत से पहले शुद्धता, संयम और अनुशासन का प्रतीक भी माना जाता है।फिलहाल छठ को लेकर मुंगेर के बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है और लोग पूजा की तैयारियों में जुटे हैं। कल नहाय-खाय के साथ सूर्य उपासना और लोक आस्था के इस महापर्व का विधिवत शुभारंभ हो जाएगा।
मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट
सम्बंधित खबरें
ट्रेंडिंग न्यूज़