Date: 14/11/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

बच्चों के विवाद पर संघर्ष, दो पक्षों के 8 लोग घायल, गांव में तनाव कायम
 

11/13/2026 12:21:51 PM IST

22
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Munger : मुंगेर में बच्चों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष में बदल गया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महुली पंचायत स्थित बुद्धनमरर टोला (टिकारामपुर) में गुरुवार की देर शाम दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस घटना में दोनों तरफ से कई लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।  बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत बच्चों के बीच हुई मामूली कहासुनी से हुई थी। प्रथम पक्ष के अनुसार, रामप्रवेश सिंह का 16 वर्षीय पुत्र सुंदर कुमार दुकान पर समोसा लाने गया था। इसी दौरान वहां मौजूद दूसरे पक्ष के लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर उसकी पिटाई कर दी गई। बीच-बचाव करने पहुंचे रघुनंदन सिंह और उनके समर्थकों पर दूसरे पक्ष के 10 से 15 लोगों ने हमला कर दिया। इस मारपीट में प्रथम पक्ष से रघुनंदन सिंह, रणजीत सिंह, छोटू कुमार और सुंदर कुमार घायल हो गए। वहीं, दूसरे पक्ष का कहना है कि बच्चों के साइकिल चलाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। इसी बीच बड़े लोग भी मामले में शामिल हो गए और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस झड़प में दूसरे पक्ष से बैजनाथ सिंह, झक्कू सिंह, सोनू कुमार और सिक्कू घायल हो गए। घटना में घायल सभी लोगों का इलाज मुंगेर सदर अस्पताल में चल रहा है। वहीं, मारपीट की घटना के बाद बुद्धनमरर टोला में तनाव का माहौल बना हुआ है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है।
 
मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट |