Date: 14/11/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

छठ घाटों पर सुरक्षा का डीसी-एसएसपी ने लिया जायजा, भारी वाहनों पर लगा प्रतिबंध

11/13/2026 12:21:51 PM IST

16
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
 Jamshedpur : जमशेदपुर में छठ महापर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पर्व के दौरान छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे, इसे लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में उपायुक्त राजीव रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब ने शहर के विभिन्न छठ घाटों का भ्रमण कर तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ कई प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे। इस दौरान उपायुक्त और एसएसपी ने छठव्रतियों तथा श्रद्धालुओं के घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाटों के आसपास की व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजामों और श्रद्धालुओं के सुचारु आवागमन को लेकर संबंधित पदाधिकारियों से जानकारी ली। साथ ही अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए पर्व से पहले सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। उपायुक्त राजीव रंजन ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। घाटों तक आने-जाने वाले रास्तों पर व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। वहीं पुलिस प्रशासन को भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया। इधर छठ महापर्व के दौरान शहर की सड़कों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। प्रशासन ने वाहन चालकों से निर्धारित समय के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। पर्व के दौरान भारी वाहनों के परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि छठ महापर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो तथा श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के भगवान भास्कर को अर्घ्य दे सकें। इसके लिए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट |