Date: 14/11/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व शुरू, गंगा घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

11/13/2026 12:21:51 PM IST

15
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Munger  : लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत आज नहाय-खाय के साथ हो गई है। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व को लेकर मुंगेर में सुबह से ही गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। छठ महापर्व में गंगा स्नान का विशेष धार्मिक महत्व है। यही वजह है कि कष्टहरणी घाट, बबुआ घाट, सोझी घाट सहित जिले के विभिन्न गंगा घाटों पर छठव्रती और उनके परिजनों की भीड़ देखने को मिल रही है। इस दौरान सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन की ओर से भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।  दरअसल, लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत नहाय-खाय के साथ हो चुकी है। इस अवसर पर मुंगेर के विभिन्न गंगा घाटों पर सुबह से ही आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। छठव्रती अपने परिवार के सदस्यों के साथ गंगा में आस्था की डुबकी लगा रही हैं। कष्टहरणी घाट, बबुआ घाट और सोझी घाट सहित अन्य गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है।छठ महापर्व में गंगा स्नान का विशेष महत्व माना जाता है। गंगा स्नान के बाद व्रती अपने घरों में नहाय-खाय का प्रसाद तैयार करेंगी। इसमें कद्दू की सब्जी, चने की दाल और अरवा चावल का भात बनाया जाएगा। भगवान भास्कर को भोग लगाने के बाद व्रती परिवार के सदस्यों के साथ प्रसाद ग्रहण करेंगी।  इधर, गंगा घाटों पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। घाटों पर बैरिकेडिंग की गई है। वहीं गंगा में SDRF की टीम और स्थानीय गोताखोरों को तैनात किया गया है, ताकि स्नान के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हो। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व के दूसरे दिन खरना होगा। तीसरे दिन छठव्रती अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगी, जबकि चौथे और अंतिम दिन उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य देने के साथ ही महापर्व का समापन होगा।  
 
मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट |