Date: 19/11/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

बकाया मानदेय पर ऊर्जा मित्रों का फूटा गुस्सा! अर्धनग्न होकर सड़क पर उतरे कर्मचारी..

11/18/2026 5:46:43 PM IST

123
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : धनबाद में बकाया मानदेय को लेकर ऊर्जा मित्रों का गुस्सा बुधवार को सड़कों पर देखने को मिला। झारखंड राज्य ऊर्जा मित्र संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में ऊर्जा मित्रों ने अर्धनग्न प्रदर्शन कर जेबीवीएनएल प्रबंधन के खिलाफ विरोध जताया। हाथों में लाल झंडे और मांगों से जुड़ी तख्तियां लेकर प्रदर्शनकारियों ने लंबित मानदेय का जल्द भुगतान करने की मांग उठाई। दरअसल, ऊर्जा मित्रों का आरोप है कि वे शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली उपभोक्ताओं के मीटर रीडिंग और बिलिंग जैसे महत्वपूर्ण कार्यों की जिम्मेदारी निभाते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें समय पर मानदेय नहीं मिल रहा है। लंबे समय से भुगतान लंबित रहने के कारण ऊर्जा मित्रों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। इसी के विरोध में बुधवार को उन्होंने अर्धनग्न प्रदर्शन कर अपना आक्रोश जाहिर किया। प्रदर्शन की शुरुआत जेबीवीएनएल के अंचल कार्यालय धनबाद से हुई। यहां से ऊर्जा मित्र विरोध मार्च निकालते हुए जेबीवीएनएल के महाप्रबंधक मुख्यालय पहुंचे। संघ की प्रमुख मांग धनबाद और चास अंचल के ऊर्जा मित्रों के बकाया मानदेय का अविलंब भुगतान करना है। प्रदर्शनकारियों ने प्रबंधन से जल्द सकारात्मक पहल करने और उनकी समस्याओं का समाधान करने की मांग की।
 

संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क