Date: 19/11/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

धनबाद में अंडर-14 क्रिकेटरों के चयन की तैयारी तेज, 21 और 22 नवंबर को टाटा डिगवाडीह स्टेडियम में होगा ट्रायल

11/18/2026 7:07:36 PM IST

11
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
धनबाद: धनबाद में युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को अपनी खेल क्षमता दिखाने का मौका मिलने जा रहा है। धनबाद क्रिकेट संघ (डीसीए) ने अंडर-14 क्रिकेट खिलाड़ियों के चयन के लिए ट्रायल की तारीख घोषित कर दी है। यह ट्रायल 21 और 22 नवंबर को टाटा डिगवाडीह स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही संघ ने ट्रायल में शामिल होने वाले खिलाड़ियों की सूची भी जारी कर दी है। जारी सूची में खिलाड़ियों के नाम के साथ यह भी स्पष्ट किया गया है कि किस खिलाड़ी को किस दिन ट्रायल के लिए पहुंचना है।
 
डीसीए की ओर से जारी सूची में बल्लेबाज, गेंदबाज, ऑलराउंडर और विकेटकीपर श्रेणी के खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। 21 नवंबर को बल्लेबाजों के साथ ऑलराउंडर और विकेटकीपर खिलाड़ियों को ट्रायल के लिए आमंत्रित किया गया है। वहीं 22 नवंबर को भी इन तीनों श्रेणियों के खिलाड़ियों का ट्रायल आयोजित होगा। गेंदबाजों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। इस श्रेणी में शामिल खिलाड़ियों को दोनों दिन ट्रायल में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है।
 
डीसीए के महासचिव विनय कुमार सिंह ने बताया कि ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन और उनकी खेल प्रतिभा का आकलन किया जाएगा। इसी के आधार पर टीमों का गठन किया जाएगा। चयनित टीमें परशुराम सिंह मेमोरियल अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी।
 
उन्होंने बताया कि संघ का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और उनकी प्रतिभा को सामने लाना है। इस ट्रायल के जरिए खिलाड़ियों को अपनी बल्लेबाजी, गेंदबाजी, क्षेत्ररक्षण और ऑलराउंड प्रदर्शन दिखाने का अवसर मिलेगा। संघ की ओर से जारी सूची में शामिल खिलाड़ियों से अपील की गई है कि वे अपनी निर्धारित तिथि के अनुसार टाटा डिगवाडीह स्टेडियम पहुंचकर ट्रायल में हिस्सा लें।
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क