Date: 21/11/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

मेयर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 में धनबाद की टीम ने लिया हिस्सा, संजीव सिंह ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

11/21/2026 1:34:20 PM IST

8
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
धनबाद :  संजय सिंह स्टेडियम, हजारीबाग में महापौर अरविंद कुमार राणा की पहल पर आयोजित मेयर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 (डे-नाइट प्रतियोगिता) में धनबाद नगर निगम की टीम ने भी हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में धनबाद के महापौर संजीव सिंह शामिल हुए और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने धनबाद की टीम के खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए बेहतर प्रदर्शन एवं जीत के लिए शुभकामनाएं दीं। सात नगर निगमों की टीमों को एक मंच पर लाने वाली इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया। डे-नाइट प्रारूप में आयोजित टूर्नामेंट युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने और स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने की दिशा में एक सराहनीय पहल है। इस अवसर पर धनबाद के महापौर संजीव सिंह ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन, आत्मविश्वास और आपसी समन्वय का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ-साथ विभिन्न शहरों के खिलाड़ियों से सीखने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने धनबाद की टीम के खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खिलाड़ी पूरे समर्पण और खेल भावना के साथ मैदान में उतरें और अपने शहर का नाम गौरवान्वित करें।  हजारीबाग के महापौर अरविंद कुमार राणा ने कहा कि मेयर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित करने का उद्देश्य सात नगर निगमों के खिलाड़ियों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि खेल के माध्यम से विभिन्न शहरों के बीच आपसी संबंध, भाईचारा और समन्वय मजबूत होता है। भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के जरिए युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास जारी रहेगा। धनबाद के महापौर संजीव सिंह ने इस आयोजन के लिए हजारीबाग के महापौर अरविंद कुमार राणा एवं उनकी पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं शहरी स्तर पर खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। मेयर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 खेल, सहभागिता, सौहार्द और शहरी निकायों के बीच बेहतर समन्वय का एक सराहनीय उदाहरण बनकर सामने आया।
 
कोयलांचल लाइव डेस्क |