Date: 26/11/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

जाति की दीवार टूटी, दहेज को कहा ना! संविधान दिवस पर दक्ष-श्रेया की शादी बनी मिसाल!

11/26/2026 12:59:53 PM IST

22
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Gaya : संविधान दिवस पर गया के दक्ष और श्रेया की कोर्ट मैरिज, दहेज मुक्त व इंटरकास्ट शादी से दिया संदेश; लड़कियों की शादी की उम्र बढ़ाने की मांग संविधान दिवस के मौके पर गया के दक्ष आर्यन और श्रेया तिवारी ने कोर्ट मैरिज कर परिवार और समाज के सामने एक नई मिसाल पेश की है। खास बात यह है कि यह शादी इंटरकास्ट है। दहेज मुक्त है और दोनों के परिवारों की सहमति से हुई है। इसके साथ ही श्रेया ने लड़कियों की शादी की न्यूनतम उम्र को बढ़ाकर 23 से 24 साल करने की भी मांग उठाई है। ताकि युवतियां आत्मनिर्भर और सक्षम बन सकें। साथ ही निर्णय लेने के काबिल हों। दक्ष आर्यन ने बताया कि वह गया के रहने वाले हैं और बीबीए की पढ़ाई के साथ स्टॉक मार्केट ट्रेडिंग व गैस एजेंसी का काम संभालते हैं। उन्होंने कहा कि आज के दौर में भविष्य व जीवनसाथी के साथ सुरक्षा के लिहाज से कोर्ट मैरिज एक कानूनी और मजबूत माध्यम है। हालांकि इच्छानुसार पारंपरिक रीति-रिवाज भी अपनाए जा सकते हैं। दक्ष के अनुसार, वे और श्रेया करीब सात साल से एक-दूसरे को जानते हैं और स्कूल के दिनों में गोरखपुर में मिले थे। जहां दक्ष के पिता दिलीप कुमार की पोस्टिंग थी। दक्ष के पिता एबीआई में वरिष्ठ अधिकारी हैं। फिलहाल उनकी पोस्टिंग गया एसबीआई में है। दक्ष के पिता दिलीप कुमार ने बताया कि वह एसबीआई लाइफ में सीनियर बिजनेस मैनेजर हैं और दोनों बच्चों के संबंध व परिपक्वता को देखते हुए परिवारों ने आपसी सहमति से यह फैसला लिया। उन्होंने बताया कि दक्ष कोईरी कुशवाहा परिवार से हैं और श्रेया तिवारी परिवार से हैं और वे गोरखपुर के रहने वाले हैं। लेकिन परिवार ने दहेज प्रथा को नकारते हुए इंटरकास्ट शादी का समर्थन किया। दिलीप कुमार के मुताबिक, संविधान दिवस (26 नवंबर) को शादी करने का विचार उनकी नातिन ने दिया था, जिस पर सभी ने सहमति जताई। उन्होंने कहा कि फिजूलखर्ची और दहेज से बचकर उस पैसे का सही इस्तेमाल किया जाना चाहिए। वहीं श्रेया तिवारी ने कहा कि वह दक्ष को बचपन से जानती हैं और सात साल साथ रहने के बाद दोनों ने कानूनी तरीके से कोर्ट मैरिज करने का निर्णय लिया। जबकि आगे के आयोजन समय निकालकर किए जाएंगे। उसने बताया कि जब हम दोनों एक स्कूल में पढ़ते थे तभी से एक दूसरे के दोस्त हो गए थे जो बाद में शादी तक बात पहुंच गई। समाज और सरकार को संदेश देते हुए श्रेया ने कहा कि कोई भी कदम सोच-समझकर उठाना चाहिए और यूपी व बिहार सरकार से अपील है कि लड़कियों की शादी की उम्र को थोड़ा आगे बढ़ाया जाए। उनके अनुसार 18 या 21 साल की उम्र कम है और इसे कम से कम 23-24 साल किया जाना चाहिए ताकि लड़कियां अपने पैरों पर खड़ी होकर आत्मनिर्भर बन सकें और फिर शादी के बारे में सोचें। श्रेया के पिता नहीं हैं। ब्रेन हैमरेज की वजह से बीते वर्ष हुई थी। वे फार्मा लाइन में जॉब करते थे।
 

गया से कोयलांचल लाइव लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट