Date: 14/03/2025 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

सेवानिवृति प्रधानाध्यापक बनबिहारी महतो को दी गई सम्मान के साथ विदाई, हमारे जीवन में शिक्षक के महत्त्व पर भी चर्चा 

2/2/2025 1:55:15 PM IST

7348
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Gola : उत्क्रमित मध्य विद्यालय महलीडीह के प्रानाध्यापक मो. बनबिहारी महतो की सेवानिवृत्त पर विद्यालय परिसर में विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में सेवानिवृत्त शिक्षक को अंगवस्त्र एवं फूल माला पहनाकर सम्मानित किया गया। शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने उन्हें कई उपहार भी भेंट किए। उन्होंने कहा कि अपने सेवाकाल के दौरान विद्यालय के विकास समेत बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने में शिक्षकों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अभिभावकों का भरपूर सहयोग मिला। इस दौरान सभी के स्नेह एवं सहयोग को कभी भूला नहीं पाउंगा। भावुक क्षणों में शिक्षकों, बच्चों एवं जनप्रतिनिधियों से आत्मीय मुलाकात कर विदाई ली। विदाई व सम्मान समारोह में एक शिक्षक की महत्व को समझाते हुए समाज सेवी सह झारखंड उजाला के ब्यूरो चीफ टेकलाल महतो ने कहा कि शिक्षक गुरु होता है, गुरु दो शब्दों से मिल के बना है। गु+रु अर्थात गु का अर्थ अंधकार और रु का अर्थ प्रकाश। अर्थात जो अंधकार से प्रकाश यानी अज्ञान से ज्ञान की ओर ले जाये उसे गुरु अर्थात शिक्षक कहते है। शिक्षक भगवान से भी उच्च स्तर का होता है। क्योंकि भगवान की पहचान गुरु करवाते हैं। आगे उन्होंने कहा कि शिक्षक एक सड़क की तरह होते है जिसके बताए मार्ग में चल कर छात्र अपनी मंजिल तक पहुंच जाते है और शिक्षक एक ही जगह सड़क की तरह स्थिर रहते है। शिक्षक एक समाज सुधारक होते है। शिक्षक हमेशा अपने छात्रों को पढ़ लिख कर अपने से आगे बढ़ने का आशीर्वाद देते हैं। बल्कि शिक्षक के अलावे सभी लोग अपने से नीचे रखते है या रखने की कोशिश करते हैं। केवल शिक्षक ही हमें ऊपर उठाता है। इस विद्यालय के प्रधानाध्यापक बनबिहारी महतो ने 21 वर्ष के कार्यकाल को ईमानदारी और निष्ठा से पूरा किए। महतो जी बहुत ही मृदुभाषी, शांत स्वभाव के हैं जिससे छात्र छात्राओं और ग्रामीणों के साथ बहुत ही अच्छा व्यवहार और सम्बन्ध रहा। आज से भाग दौड़ के जिंदगी से बाहर निकल गए। हम भगवान से प्रार्थना करते हैं कि आगे का जीवन सुखमय बीते और हमलोग को मार्गदर्शन देते रहे। मौके पर बीआरसी देवकुमार महतो, विद्यालय के नव पदस्थापित प्रधानाध्यापक मो. मोईन अंसारी सभी सहायक शिक्षक समाजसेवी लखी करमाली झारखंड उजाला रामगढ़ ब्यूरो चीफ टेकलाल महतो, प्रबंधन समिति अध्यक्ष जयलाल मुंडा, प्रबंधन समिति के सभी सदस्य, समाज सेवी प्रेमनाथ यादव, कृष्णा कुमार शर्मा, रामकिष्टो मुंडा, मो. वहजुद्दीन अंसारी, अबरार अहमद, शांति लाल मुंडा, सूबेदार महतो पिंटू कुमार महतो, धनेश्वर महतो महावीर करमाली विद्यालय के सभी छात्र छात्राएं एवं सैकड़ो ग्रामीण महिला पुरुष विदाई सह सम्मान समारोह में उपस्थित रहे। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ नव पदस्थापित प्रधानाध्यापक मो. मोईन अंसारी के द्वारा कार्यक्रम का समापन किया गया। सेवानिवृत्त शिक्षक बन बिहारी महतो को छात्र छात्राओं और उपस्थित ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा करते हुए गांव के अंतिम सीमा तक पहुंचाया। सभी धन्यवाद देते हुए विदा लिए। 
 
कोयलांचल लाइव के लिए गोला से पंकज कुमार की रिपोर्ट