Date: 18/01/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 दिगंबर जैन मुनिराज पहुंचे मुंगेर ,पूरा शहर धर्ममय वातावरण में हुआ सराबोर 

1/18/2026 4:54:32 PM IST

13
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Munger :मुंगेर की पावन धरती आज एक ऐतिहासिक और आध्यात्मिक क्षण की साक्षी बनी, जब पंचकल्याणक प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर मंगल आशीर्वाद प्रदान करने के लिए राष्ट्र संत, अहिंसा तीर्थ प्रणेता आचार्य श्री प्रमुख सागर जी महाराज संघ मुंगेर पधारे। दिगंबर जैन मुनिराज के आगमन से पूरा शहर धर्ममय वातावरण में सराबोर नजर आया। मुंगेर पंचकल्याणक प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत आचार्य श्री प्रमुख सागर जी महाराज के भव्य मंगल प्रवेश को लेकर स्थानीय जैन भवन में महा सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर देशभर से पधारे जैन श्रद्धालुओं ने डीएवी स्कूल से भव्य शोभा यात्रा निकाली। शोभा यात्रा का नेतृत्व संयोजक निर्मल जैन ने किया, जो मुंगेर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए जैन भवन पहुंचकर विसर्जित हुई। शोभा यात्रा में सबसे आगे ध्वजारोही और घुड़सवार चल रहे थे, वहीं कल्याणकारी वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों पर आदिवासी लोक नृत्य ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कोलकाता से पधारे राजेश और मनोज कुमार जैन के पारंपरिक भजनों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। रंग-बिरंगे वेशभूषा में नृत्य करते स्त्री-पुरुष श्रद्धालु डीएवी स्कूल से गांधी चौक, राजीव गांधी चौक होते हुए आजाद चौक पहुंचे। सरस्वती शिशु मंदिर, बेकापुर के घोष वादकों द्वारा गुरुदेव की भव्य आगवानी की गई। शहर के चौक-चौराहे रंगोली और तोरण द्वार से सजे हुए थे, वहीं पूरा नगर बैनर और पताकाओं से पटा हुआ नजर आया। मंगल जयकारों के बीच नगरवासियों ने पूज्य गुरुदेव का जोरदार स्वागत किया। पूरा कार्यक्रम पूरी तरह अनुशासित और व्यवस्थित रहा। चारों ओर धार्मिक ऊर्जा और आस्था का माहौल देखने को मिला। बताया जा रहा है कि लगभग 200 वर्षों के इतिहास में पहली बार मुंगेर ने ऐसा भाव-विह्वल और आध्यात्मिक वातावरण देखा है। योगनगर, उत्तरवाहिनी गंगा के तट पर अनेक धार्मिक संस्थाओं के साधु-संत पहले ही पहुंच चुके हैं। दिगंबर जैन मुनिराज का यह मुंगेर की धरती पर प्रथम आगमन बताया जा रहा है। शोभा यात्रा के दौरान जगह-जगह जैन समाज के श्रद्धालुओं ने पूज्य गुरुदेव की आगवानी कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
 
मुंगेर से कोयलांचल लाइव  के लिए इम्तिहाज खान की रिपोर्ट