Date: 13/04/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

पुलिस गश्ती गाड़ी के चपेट में आने से चार वर्षीय बच्ची की हुई मौत, लोगो ने सड़क जाम कटा बवाल ,उग्र भीड़ ने पुलिस गाड़ी का फोड़ा शीशा 
 

4/13/2026 5:05:30 PM IST

28
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jahanabad :  जहानाबाद के परस बीघा थाना क्षेत्र के पहाड़ी बीघा गांव में  सड़क हादसे में चार वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका गया जिले के अमझर गांव की रहने वाली थी और इन दिनों अपनी मां के साथ ननिहाल आई हुई थी। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया, जिससे करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, परस बीघा थाना की स्कॉर्पियो गाड़ी पेट्रोलिंग पर निकली थी। इसी दौरान सड़क पार कर रही बच्ची वाहन की चपेट में आ गई। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई और परिजन उसे आनन-फानन में रामाश्रय प्रसाद सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, शकूराबाद ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर मुआवजे की मांग को लेकर जाम लगा दिया। इस दौरान सड़क पर लकड़ी और ठेला लगाकर आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया गया। जाम के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों को ग्रामीणों ने रोककर उनके साथ मारपीट कर दी, जिसमें पिंकू कुमार, खुशी कुमार और मंजन कुमार घायल हो गए। सभी शकूराबाद थाना क्षेत्र के सावन बीघा के निवासी बताए जाते हैं। ग्रामीणों का कहना था कि एक वर्ष पूर्व बसंतपुर पेट्रोल पंप के समीप भी सड़क हादसे में एक महिला की मौत हुई थी, लेकिन अब तक उसके परिजनों को मुआवजा नहीं मिला। ऐसे में इस घटना में भी अविलंब मुआवजा देने और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की गई। सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। एएसपी मनोज पांडे के नेतृत्व में डीएसपी मनीष चंद्र चौधरी, डीएसपी संजीव कुमार और एसडीएम समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। सिकरिया थाना की पुलिस सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचकर हालात को संभालने में जुट गई। इसी दौरान कुछ उग्र लोगों ने पुलिस वाहन पर हमला कर दिया। लाठी-डंडों से प्रहार कर वाहन के पीछे का शीशा तोड़ दिया गया तथा बोनट को भी नुकसान पहुंचाया गया। हालांकि पुलिस ने संयम बरतते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और वाहन को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। पुलिस अधिकारियों के समझाने-बुझाने और मुआवजा दिलाने के आश्वासन के बाद लोगों का आक्रोश शांत जुआ इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और सड़क जाम समाप्त कराया गया, जिससे यातायात पुनः सामान्य हो सका। जाम के कारण इस दौरान राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जबकि बाइक सवार वैकल्पिक मार्गों से किसी तरह अपने गंतव्य तक पहुंचते नजर आए। इस संबंध में डीएसपी मनीष चंद्र चौधरी ने बताया कि बच्ची सड़क पार कर रही थी, तभी पुलिस वाहन की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौत हो गई। सड़क जाम की घटना की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस वाहन पर हमले के संबंध में उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी ली जा रही है, जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
 
 
 कोलयांचल लाइव के लिए जहानाबाद से पंकज कुमार की रिपोर्ट