Date: 13/09/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 गोलीकांड में बड़ा खुलासा: दोस्त ही निकला कातिल, देवदास गौड़ की मौत के बाद हत्या का केस दर्ज

6/17/2026 2:47:45 PM IST

100
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : उलीडीह ओपी क्षेत्र के खड़िया बस्ती में मंगलवार देर रात हुई गोलीबारी की घटना ने सनसनीखेज मोड़ ले लिया है। गोली लगने से घायल राजनगर निवासी देवदास गौड़ की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके साथ ही मामला अब हत्या में तब्दील हो गया है और पुलिस आरोपी के खिलाफ हत्या की धाराओं में कार्रवाई की तैयारी कर रही है। शुरुआती जानकारी में बताया गया था कि गोली देवदास के गले को छूते हुए निकली थी, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि इलाज के दौरान उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई और अंततः उसकी मौत हो गई। घटना के बाद घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले उसके साथी देवाशीष पोद्दार, नीरज प्रधान और आरआईटी थाना में पदस्थापित एएसआई पंकज कुमार को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान तीनों के बयान अलग-अलग पाए गए, जिससे पुलिस को पूरे घटनाक्रम पर संदेह हुआ। जांच में खुलासा हुआ कि घटना उलीडीह के खड़िया बस्ती में हुई थी और आपसी विवाद के दौरान देवाशीष पोद्दार ने ही देवदास गौड़ पर गोली चलाई थी। पुलिस के अनुसार घटना के समय सभी लोग शराब के नशे में थे और किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद फायरिंग की गई। पुलिस ने घटनास्थल से चार ग्लास, खून के निशान समेत कई महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच से संकेत मिले हैं कि घटना से पहले सभी लोग एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। वहीं, आरोपी देवाशीष पोद्दार की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया देसी कट्टा भी बरामद कर लिया है। जांच के दौरान कपाली क्षेत्र से जमीन से जुड़े कुछ दस्तावेज भी मिले हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इन दस्तावेजों का घटना से कोई संबंध है या नहीं। एमजीएम थाना प्रभारी सचिन दास ने बताया कि शुरुआत से ही संबंधित लोग अपने बयान बदल रहे थे और सभी नशे की हालत में थे। जांच में कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। पुलिस अब विवाद की असली वजह और घटना के पीछे के हर पहलू की गहन पड़ताल कर रही है। देवदास गौड़ की मौत के बाद उलीडीह गोलीकांड अब हत्या के मामले में बदल गया है और पुलिस पूरे मामले की तह तक पहुंचने में जुटी हुई है।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए शिवम् मिश्रा की रिपोर्ट