Date: 06/07/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

प्रशासनिक निर्देशों की अनदेखी के आरोप में अंचलाधिकारी समेत दो अधिकारी हुए सस्पेंड ,मचा हड़कंप

4/15/2026 4:38:49 PM IST

100
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jahanabad :जहानाबाद जिले में राजस्व कार्यों के ठप होने और प्रशासनिक निर्देशों की अनदेखी के मामले में सरकार ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। निलंबित अधिकारियों में मखदुमपुर के अंचलाधिकारी रंजित कुमार उपाध्याय तथा जहानाबाद के राजस्व अधिकारी राम विकास सिंह शामिल हैं। बताया जाता है कि जिले में पिछले दो माह से राजस्व कार्य पूरी तरह प्रभावित हैं। राजस्व अधिकारी लगातार हड़ताल पर हैं, जबकि अंचलाधिकारी और कानूनगो भी करीब एक माह से कार्य बहिष्कार कर रहे हैं। इसके कारण अंचल स्तर पर दाखिल-खारिज, परिमार्जन, लगान वसूली सहित अन्य महत्वपूर्ण कार्य ठप पड़े हैं। राजस्व वसूली और भूमि सुधार से जुड़े कार्यों के प्रभावित होने से आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही प्रशासनिक बैठकों में भी अधिकारियों की अनुपस्थिति देखी जा रही थी, जिससे सरकारी निर्देशों का पालन नहीं हो पा रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सरकार ने सख्ती दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है। प्रशासन का कहना है कि कार्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मामले में जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राजस्व कार्यों को शीघ्र सामान्य करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके और सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
 
जहानाबाद से कोयलांचल लाइव के लिए पंकज कुमार की रिपोर्ट