Date: 08/05/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

गैस सिलेंडर को लेकर उपभोक्ताओं का फूटा गुस्सा ,जमकर किया हंगामा 

5/7/2026 3:07:00 PM IST

27
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Munger : मुंगेर में गैस सिलेंडर को लेकर उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। कोड़ा मैदान स्थित भागवत गैस एजेंसी के बाहर आज बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने हंगामा किया। आरोप है कि ऑनलाइन बुकिंग और पुर्जा कटाने के बावजूद लोगों को समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि एजेंसी कर्मी भी सही जानकारी नहीं दे रहे, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। लोग सुबह से ही गैस एजेंसी के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतार लगी रही। कई लोगों ने बताया कि उन्होंने कई दिन पहले ही ऑनलाइन नंबर लगाकर गैस बुक कराया था और एजेंसी से पुर्जा भी कटवा लिया था। इसके बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं दिया गया। घंटों इंतजार के बाद भी जब कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला, तो लोगों का गुस्सा भड़क उठा और एजेंसी परिसर के बाहर हंगामा शुरू हो गया। उपभोक्ताओं ने बताया कि हम लोग सुबह से लाइन में लगे हैं, नंबर भी लग चुका है, लेकिन कोई बता नहीं रहा कि गैस कब मिलेगा। हर बार यही परेशानी होती है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि मुंगेर जिले की कई गैस एजेंसियों में यही स्थिति बनी हुई है। समय पर गैस उपलब्ध नहीं होने से आम लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर घरेलू महिलाओं को खाना बनाने में परेशानी हो रही है। लोगों ने प्रशासन से एजेंसियों की कार्यशैली की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।बुकिंग के बाद भी गैस नहीं मिलता है। बार-बार एजेंसी का चक्कर लगाना पड़ता है। कोई सुनने वाला नहीं है। वहीं एजेंसी कर्मियों की ओर से सिलेंडर की कमी और सप्लाई बाधित होने की बात कही जा रही है। हालांकि उपभोक्ताओं का कहना है कि यदि सप्लाई की समस्या है तो इसकी स्पष्ट जानकारी दी जानी चाहिए, ताकि लोगों को बेवजह घंटों लाइन में खड़ा न रहना पड़े। फिलहाल गैस नहीं मिलने से नाराज उपभोक्ताओं का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। अब देखना होगा कि प्रशासन और गैस एजेंसी उपभोक्ताओं की इस समस्या का समाधान कब तक कर पाते हैं।
 
मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज खान की रिपोर्ट