Date: 18/05/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

गया-डोभी मुख्य मार्ग पर दौड़ती बस बनी आग का गोला, एम्स के पास मची अफरा-तफरी

5/17/2026 2:04:59 PM IST

24
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Gaya: गया-डोभी मुख्य मार्ग पर दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बिहार राज्य परिवहन निगम से जुड़ी बताई जा रही एक बस अचानक आग की लपटों में घिर गई। घटना दोपहर करीब 3 बजे एम्स अस्पताल के नजदीक हुई। राहत की बात यह रही कि बस में एक भी यात्री सवार नहीं था, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। बताया गया कि बस डोभी वर्कशॉप से मरम्मत कराकर गांधी मैदान स्थित सरकारी बस स्टैंड लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में अचानक बस में आग लग गई और देखते ही देखते पूरी बस धू-धू कर जलने लगी। आग लगते ही चालक और कंडक्टर बस छोड़कर मौके से फरार हो गए। बस से उठती तेज लपटों और धुएं के गुबार को देख सड़क पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। आसपास के ग्रामीण और राहगीर बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची। पहले छोटी दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन आग इतनी भयंकर थी कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। इसके बाद बड़ी फायर ब्रिगेड गाड़ी बुलाई गई। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान बस के पिछले हिस्से, बीच और आगे के भाग से लगातार आग की ऊंची लपटें उठती रहीं। सुरक्षा के मद्देनजर मेडिकल थाना पुलिस ने गया-डोभी मुख्य मार्ग के दोनों तरफ का ट्रैफिक रोक दिया। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। हालांकि ट्रैफिक रोकने से दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी सहूलियत मिली। मेडिकल थाना अध्यक्ष इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ट्रैफिक डायवर्ट किया गया। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। बस पूरी तरह जल चुकी है। बस निजी थी या सरकारी, इसकी औपचारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी। वहीं बस पर मौजूद खलासी ने बताया कि बस पिछले दो महीने से खराब थी और उसे मरम्मत के लिए डोभी वर्कशॉप भेजा गया था। मरम्मत के बाद गया लौटने के दौरान एम्स के पास शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। हालांकि ऑन रिकॉर्ड बात करने से वह बचता नजर आया। पुलिस ने उसे मौके से हटाया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
 
कोयलांचल लाइव के लिए गया से मनोज की रिपोर्ट