Date: 15/03/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने से होटल में लगी आग,मची अफरा तफरी ,मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ी

3/15/2026 5:11:38 PM IST

9
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur :जमशेदपुर के पोटका प्रखंड के कलिकापुर बाजार के समीप एक होटल में दो गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने से दुकान में आग लग जाने से अफरातफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरा होटल जलकर खाक हो गया। हालांकि स्थानीय लोगों की मुस्तैदी के कारण आग को आसपास के घरों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
घटना की सूचना मिलते ही पोटका थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों द्वारा दमकल को भी सूचना दी गई, जिसके बाद दमकल की गाड़ी घटना स्थल पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार होटल में उस समय खाने के आइटम तैयार किए जा रहे थे। इसी दौरान गैस सिलेंडर के रेगुलेटर के पास अचानक आग लग गई। आग की लपटें तेजी से बढ़ने लगीं, जिसके बाद होटल के स्टाफ और मौजूद ग्राहकों में अफरातफरी मच गई। लोग इधर उधर अपनी जान बचने में लग गए। लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। कुछ ही देर में आग ने पास में रखे दूसरे सिलेंडर को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लगातार दो सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया और पूरी दुकान जलकर खाक हो गई। हालांकि दुकान में रखे दो अन्य सिलेंडरों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ी दुर्घटना होने से बच गई। होटल के आसपास कई घर होने के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका थी, लेकिन स्थानीय लोगों की सतर्कता और फायर ब्रिगेड की तत्परता से आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। फिलहाल घटना में कितने का नुकसान हुआ इसका सही  कलन नहीं हो सका है। 
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट