Date: 03/06/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

खराब चापाकल और पानी की किल्लत से जूझ रहे ग्रामीण, प्रशासन से लगाई गुहार

6/2/2026 12:26:54 PM IST

75
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamtara : एक ओर जहां दुनिया चांद और मंगल पर पानी की तलाश में जुटी है, वहीं जामताड़ा जिले के नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत चंपापुर गांव के बेड़वा टोला के ग्रामीण आज भी पीने के पानी के लिए जूझ रहे हैं। भीषण गर्मी के बीच ग्रामीणों को अपनी प्यास बुझाने के लिए खेतों के बीच बने डोभा का दूषित पानी इस्तेमाल करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि टोला में पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग की ओर से दो चापाकल लगाए गए थे। लेकिन वर्तमान में एक चापाकल खराब पड़ा हुआ है। वहीं दूसरा चापाकल मस्जिद के समीप स्थित होने के कारण टोला के सभी लोगों के लिए सहज रूप से उपयोग करना संभव नहीं हो पाता है। इसके चलते ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पानी की किल्लत से परेशान लोग रोजाना खेत-पथार पार कर दूर स्थित बहियार के एक डोभा तक पहुंचते हैं। वहां से गंदा और दूषित पानी हड़िया, बाल्टी और गैलन में भरकर अपने घर लाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पानी को किसी तरह छानकर पीने और भोजन बनाने में इस्तेमाल करना उनकी मजबूरी बन गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार समस्या की जानकारी संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों को दी गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है। गर्मी बढ़ने के साथ ही पेयजल संकट और गहरा गया है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी भी बढ़ रही है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और पेयजल विभाग से अविलंब खराब चापाकल की मरम्मत कराने तथा टोला में अतिरिक्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि लोगों को दूषित पानी पीने की मजबूरी से राहत मिल सके।
 
जामताड़ा से कोयलांचल लाइव के लिए निशिकांत मिस्त्री की रिपोर्ट