Date: 13/06/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

ठंडे पानी और शेड के अभाव में यात्रियों की बढ़ी परेशानी, सुविधाओं पर उठे सवाल

6/9/2026 12:25:27 PM IST

86
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
 Aara : पूर्व मध्य रेलवे के पटना जंक्शन और दानापुर के बाद राजस्व के मामले में महत्वपूर्ण स्थान रखने वाला आरा जंक्शन रेलवे की ओर से ए श्रेणी स्टेशन घोषित है। इसके बावजूद यहां यात्रियों को मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। जून महीने की भीषण गर्मी में सबसे बड़ी समस्या पेयजल व्यवस्था को लेकर सामने आ रही है। प्रतिदिन हजारों यात्री आरा जंक्शन से यात्रा करते हैं। जैसे ही ट्रेन प्लेटफॉर्म पर रुकती है, सामान्य और स्लीपर श्रेणी के यात्री पानी की बोतल लेकर नलों और वाटर बूथों की ओर दौड़ पड़ते हैं। लेकिन वहां उन्हें ठंडे और स्वच्छ पानी के बजाय गर्म एवं कथित रूप से दूषित पानी मिलने की शिकायत है। इससे यात्रियों में नाराजगी देखी जा रही है। यात्रियों का कहना है कि प्लेटफॉर्म संख्या एक से चार तक लगे अधिकांश नलों से गर्म पानी निकल रहा है। भीषण गर्मी में ठंडे पानी की उपलब्धता नहीं होने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई यात्रियों ने पानी की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए इसे पीने योग्य नहीं बताया। रेलवे की ओर से पर्याप्त ठंडे पेयजल की व्यवस्था नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में यात्री प्लेटफ़ॉर्म पर उपलब्ध बोतलबंद पानी खरीदने को मजबूर हैं। यात्रियों का आरोप है कि कई बार उन्हें रेलवे के अधिकृत ब्रांड ‘रेल नीर’ के बजाय अन्य कंपनियों का पानी खरीदना पड़ता है। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग किसी भी तरह ठंडा पानी लेने को विवश हैं। प्लेटफ़ॉर्म नंबर से लेकर तीन तक शेड की घोर कमी है, इस गर्मी में खुले आसमान के नीचे खड़े होकर ट्रेनों का करते है इंतजार, जिससे यात्री बीमार हो रहे हैं, लेकिन रेलवे विभाग के अधिकारियों को नहीं आती दया। इस संबंध में आरा जंक्शन के स्टेशन प्रबंधक एन.के. राय ने कहा कि रेलवे यात्रियों की सुविधाओं के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि गर्मी को देखते हुए प्लेटफॉर्म संख्या एक से चार तक ठंडे पानी की व्यवस्था की गई है। उनके अनुसार स्टेशन पर पेयजल की कोई कमी नहीं है और यात्रियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। हालांकि यात्रियों की शिकायतें और स्टेशन प्रशासन के दावे एक-दूसरे से अलग तस्वीर पेश कर रहे हैं। ऐसे में आवश्यकता है कि रेलवे विभाग जमीनी स्तर पर व्यवस्था की जांच कर यात्रियों को शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराना सुनिश्चित करे।
 
आरा से कोयलांचल लाइव के लिए आशुतोष पांडेय की रिपोर्ट