Date: 13/06/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आया छात्र, सड़क हादसे में 11वीं के छात्र की दर्दनाक मौत

6/9/2026 12:25:27 PM IST

57
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : आदित्यपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 11वीं कक्षा के छात्र की जान चली गई। तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। यह घटना आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित रेलवे अंडरब्रिज के पास की है। मृतक की पहचान कन्हैया दास के रूप में हुई है, जो आरआईटी थाना क्षेत्र के रायडीह बस्ती का निवासी और कॉपरेटिव कॉलेज में 11वीं कक्षा का छात्र था। बताया जा रहा है कि कन्हैया अपनी स्कूटी से दवा लेने जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज़ थी कि कन्हैया ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। वहीं छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। वे थाना पहुंचे और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के साथ-साथ पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं इस हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट