Date: 17/06/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

राजद का सरकार के खिलाफ धरना, महिलाओं की सुरक्षा और भ्रष्टाचार को बनाया मुद्दा

6/17/2026 2:47:45 PM IST

37
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jahanabad : जहानाबाद में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) द्वारा आयोजित जिला स्तरीय धरना-प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव ने केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरते हुए कहा कि जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाया जा रहा है। इस दौरान राजद नेताओं ने आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी भी दी। जहानाबाद में आयोजित राजद के धरना कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव ने पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र की राजनीतिक घटनाओं का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पैसे और सत्ता के बल पर राजनीतिक खेल कर रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में यह प्रवृत्ति बिहार समेत पूरे देश में देखने को मिल सकती है। सांसद ने कहा कि जनता के बीच असंतोष बढ़ रहा है और विभिन्न मुद्दों को लेकर आंदोलन लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि जनआंदोलन को किसी भी कीमत पर दबाया नहीं जा सकता और आने वाले दिनों में यह और व्यापक रूप लेगा। सुरेंद्र प्रसाद यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन जनता इसका जवाब देगी। उन्होंने बिहार सरकार पर भी हमला बोलते हुए कहा कि चुनाव के दौरान किए गए कई वादे अब तक पूरे नहीं हुए हैं। राज्य में महंगाई, अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर है, जिससे आम जनता परेशान है। धरना में मौजूद राजद विधायक राहुल शर्मा ने कहा कि बढ़ती महंगाई का सबसे अधिक असर गरीबों, मजदूरों और मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में भ्रष्टाचार और अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार इस दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठा रही है। वहीं, राजद की पूर्व विधायक एवं जिला प्रभारी रेखा पासवान ने कहा कि बिहार में महिलाओं की सुरक्षा गंभीर चिंता का विषय बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार और छेड़खानी की घटनाएं बढ़ रही हैं। यदि सरकार ने जनसमस्याओं पर ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। धरना कार्यक्रम में पूर्व विधायक अनवर आलम, जिला अध्यक्ष महेश ठाकुर, जिला प्रवक्ता शशि रंजन उर्फ पप्पू यादव, संजय यादव, मनोज यादव, अनिल पासवान, बैकुंठ यादव, सांसद प्रतिनिधि यादवेंद्र यादव, धर्मपाल सिंह यादव समेत बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता और नेता मौजूद रहे।
 
जहानाबाद से कोयलांचल लाइव के लिए पंकज कुमार की रिपोर्ट