Date: 19/06/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 भू-माफियाओं के लिए जमीन कब्जा कराने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के 3 सदस्य गिरफ्तार, अवैध हथियार और XUV700 बरामद

6/19/2026 12:28:49 PM IST

36
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Gaya : बिहार के गया जिले में भू-माफियाओं के लिए हथियार के बल पर जमीन कब्जा कराने वाले बिहार-बंगाल के अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों को डेल्हा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक लोडेड अवैध पिस्टल, छह जिंदा कारतूस और एक महिंद्रा XUV700 वाहन बरामद किया है। टाउन डीएसपी-2 धर्मेंद्र भारती ने प्रेस वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी टिकारी से गया की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर टिकारी रोड पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान XUV700 में सवार तीन युवक पुलिस को देखकर घबरा गए, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर तलाशी ली गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंदौती थाना क्षेत्र के अलीगंज रोड निवासी चांद बादशाह, न्यू करीमगंज निवासी एजाज मलिक और फारूक के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से एक लोडेड पिस्टल और छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे भू-माफियाओं के लिए हथियार के बल पर जमीन पर कब्जा दिलाने का काम करते हैं और इसके बदले मोटी रकम वसूलते हैं। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह के तार बिहार और पश्चिम बंगाल तक फैले हुए हैं। डीएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आशंका है कि आरोपी पंचानपुर क्षेत्र में किसी जमीन पर कब्जा कराने के बाद गया लौट रहे थे। उन्होंने यह भी बताया कि गिरफ्तार आरोपी चांद बादशाह पहले से ही सिविल लाइंस और चंदौती थाना में दर्ज संगीन मामलों में वांछित है। पुलिस पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।
 
गया से कोयलांचल लाइव के लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट