Date: 19/06/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

कथित पुलिस मुठभेड़ मामला : NHRC की टीम पहुंचा भोजपुर, CBI जांच की उठी मांग

6/19/2026 5:51:43 PM IST

34
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Aara : भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में 17 जून को हुई कथित पुलिस मुठभेड़ का मामला अब राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) तक पहुंच गया है। मामले को लेकर दिल्ली उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता सौरभ तिवारी ने आयोग में शिकायत दर्ज कर स्वतंत्र एजेंसी अथवा CBI से जांच कराने तथा संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए जा रहे युवक भरत तिवारी की पुलिस कार्रवाई में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। आवेदन में कहा गया है कि मामले की निष्पक्ष जांच के बिना सच्चाई सामने नहीं आ सकेगी। अधिवक्ता ने NHRC से घटना की विस्तृत जांच कराने, मृतक के परिजनों को न्याय दिलाने तथा दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। इधर घटना के बाद क्षेत्र में लोगों का आक्रोश लगातार बढ़ रहा है। ग्रामीणों और परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन भी किया है। वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि युवक द्वारा हथियार लहराने और पुलिस पर पिस्तौल तानने के दौरान मुठभेड़ की स्थिति उत्पन्न हुई थी। मामले के NHRC पहुंचने के बाद अब सभी की निगाहें आयोग की अगली कार्रवाई और संभावित जांच प्रक्रिया पर टिकी हुई हैं।
 
आरा से कोयलांचल लाइव के लिए आशुतोष पांडेय की रिपोर्ट