Date: 26/08/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

लिफ्ट बंद होने से बढ़ी मुसीबत, अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही के आरोप

6/19/2026 5:51:43 PM IST

100
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Munger : मुंगेर मॉडल सदर अस्पताल में मरीजों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। अस्पताल में लगी दोनों लिफ्टें पिछले दो दिनों से खराब पड़ी हैं, जिससे गंभीर मरीजों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल के आईसीयू, प्रसव वार्ड और कई महत्वपूर्ण विभाग ऊपरी मंजिल पर संचालित होते हैं। सामान्य दिनों में मरीजों को लिफ्ट के सहारे आसानी से वार्ड तक पहुंचाया जाता था, लेकिन अब दोनों लिफ्ट बंद होने के कारण मरीजों को स्ट्रेचर और व्हीलचेयर के सहारे सीढ़ियों से ऊपर ले जाना पड़ रहा है। इससे मरीजों के साथ-साथ स्वास्थ्यकर्मियों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। सबसे ज्यादा परेशानी गर्भवती महिलाओं को हो रही है। प्रसव पीड़ा में अस्पताल पहुंचने वाली महिलाओं को सीढ़ियां चढ़कर प्रसव वार्ड तक जाना पड़ रहा है। मरीजों और उनके परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रतिदिन सैकड़ों मरीजों वाले अस्पताल में लिफ्ट जैसी जरूरी सुविधा का ठप होना गंभीर समस्या है। लोगों ने अस्पताल प्रशासन से जल्द से जल्द दोनों लिफ्टों की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर समय रहते व्यवस्था ठीक नहीं हुई तो किसी गंभीर मरीज की जान जोखिम में पड़ सकती है। फिलहाल अस्पताल प्रबंधन की ओर से मरम्मत को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।
 
मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट