Date: 28/06/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

4.61 करोड़ की बकाया राशि वसूलने के लिए 13 दिनों से घर के बाहर डटे रहे कोयला कारोबारी 

6/27/2026 11:56:53 AM IST

45
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Gaya : झारखंड के चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के सोनपुर गांव निवासी तथा वर्तमान में रांची के लालपुर में रहने वाले कोयला कारोबारी धर्मेंद्र सिंह उर्फ मुन्ना सिंह अपनी बकाया राशि की वसूली के लिए पिछले 13 दिनों से गया जिले के इमामगंज थाना क्षेत्र के रानीगंज निवासी कोयला एजेंट संतोष कुमार अग्रवाल के गड़ेरिया गांव स्थित आवास के बाहर खाट लगाकर बैठे हुए हैं। मुन्ना सिंह ने बताया कि वर्ष 2020 से संतोष कुमार अग्रवाल के साथ उनका कोयला कारोबार चल रहा था। इसी कारोबार के दौरान वर्ष 2022 से 2024 के बीच संतोष कुमार अग्रवाल के पास उनकी कुल 4 करोड़ 61 लाख रुपये की बकाया राशि हो गई। आरोप है कि कई बार मांग करने के बावजूद संतोष कुमार अग्रवाल भुगतान करने के बजाय लगातार टालमटोल करते रहे। उन्होंने बताया कि बकाया राशि के भुगतान को लेकर पहले शेरघाटी कोर्ट में स्टांप पेपर पर इकरारनामा किया गया था, लेकिन उसके अनुसार भी भुगतान नहीं किया गया। इसके बाद इमामगंज के गणमान्य लोगों की मौजूदगी में दोबारा इकरारनामा हुआ, फिर भी अब तक उन्हें उनका पैसा नहीं मिला। इतना ही नहीं, अब संतोष कुमार अग्रवाल उनसे किसी भी प्रकार का संपर्क भी नहीं कर रहे हैं। मुन्ना सिंह का आरोप है कि संतोष कुमार अग्रवाल की मंशा मामले को लंबे समय तक टालने या अदालत में लंबित कर देने की है, ताकि उन्हें बकाया राशि वापस न करनी पड़े। उन्होंने बताया कि उनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। बैंक का करीब डेढ़ करोड़ रुपये का कर्ज उन पर बकाया है और उनका फ्लैट बैंक में मॉर्गेज है। बैंक कभी भी फ्लैट को जब्त कर सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि उनके हृदय में स्टेंट लगा हुआ है और स्वास्थ्य भी ठीक नहीं रहता, इसके बावजूद वह भीषण गर्मी में अपने पैसे की वसूली के लिए देनदार के घर के बाहर बैठे हैं। मुन्ना सिंह ने आरोप लगाया कि उनके पैसों से संतोष कुमार अग्रवाल ने इमामगंज के गड़ेरिया गांव में स्विमिंग पूल सहित करोड़ों रुपये की आलीशान कोठी बनाई है। इसके अलावा कई जगह जमीन और मकान भी खरीदे हैं तथा महंगी गाड़ियों का उपयोग कर रहे हैं। लाचार मुन्ना सिंह का कहना है कि जब तक उन्हें उनकी 4 करोड़ 61 लाख रुपये की बकाया राशि नहीं मिल जाती, तब तक वे संतोष कुमार अग्रवाल के घर के बाहर से नहीं हटेंगे, चाहे इसके लिए उन्हें कितनी भी कठिनाइयों का सामना क्यों न करना पड़े।
 
गया से कोयलांचल लाइव के लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट