Date: 07/09/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

बीसीसीएल की बड़ी कार्रवाई: 16 अवैध आवासों को किया ध्वस्त, बेलगड़िया पुनर्वासित परिवार हुए प्रभावित

7/1/2026 12:06:53 PM IST

100
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : धनबाद के टंडाबाड़ी में भूधंसान की भयावह घटना के बाद बीसीसीएल प्रबंधन ने बड़ी कार्रवाई की है। बीसीसीएल एरिया-3 के सोनारडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत टंडाबाड़ी बस्ती के 16 अवैध आवासों को प्रबंधन ने ध्वस्त कर दिया। 31 मार्च 2026 को टंडाबाड़ी में हुए भीषण भूधंसान और जमींदोज होने की घटना में कई घर जमीन में समा गए थे, जबकि इस हादसे में तीन लोगों की मौत और कई लोग घायल हुए थे। घटना के बाद टंडाबाड़ी बस्ती को खाली करा दिया गया था और प्रभावित परिवारों को बीसीसीएल की ओर से बेलगड़िया में पुनर्वासित किया गया। इसके बाद भी बस्ती में मौजूद खतरनाक और क्षतिग्रस्त आवासों को चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है। तीन महीने बाद बीसीसीएल प्रबंधन ने 21 चिन्हित घरों में से 16 अवैध आवासों को सोनारडीह ओपी पुलिस और सीआईएसएफ की मौजूदगी में ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई से पहले बीसीसीएल अधिकारियों ने माइकिंग कर लोगों को इसकी जानकारी दी। बताया गया कि टंडाबाड़ी बस्ती में बार-बार भूधंसान की घटनाओं को देखते हुए पूरे इलाके को संवेदनशील घोषित किया गया है। अभी भी कुछ अन्य टोला में रहने वाले परिवारों के कागजातों की जांच की जा रही है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद बचे हुए खतरनाक आवासों को भी ध्वस्त किया जाएगा। बीसीसीएल साउथ गोविंदपुर कोलियरी मैनेजर अभिषेक तिवारी ने बताया कि भूधंसान के बाद प्रभावित परिवारों को बेलगड़िया में शिफ्ट किया गया है और उन्हीं परिवारों के क्षतिग्रस्त आवासों को हटाया गया है। उन्होंने कहा कि नियमानुसार प्रभावित लोगों को मुआवजा राशि भी दी जाएगी। फिलहाल टंडाबाड़ी बस्ती में अब कोई परिवार निवास नहीं कर रहा है। हालांकि जमीन और मुआवजे से जुड़े कामों के लिए लोग यहां पहुंच रहे हैं। बीसीसीएल की यह कार्रवाई इलाके को सुरक्षित करने की दिशा में एक कदम मानी जा रही है।
 
अनु शर्मा कोयलांचल लाइव डेस्क