Date: 19/07/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

फर्जी दुल्हन का जाल: शादी के बाद लाखों के जेवर और नकदी लेकर फरार

7/18/2026 11:41:40 AM IST

44
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Gaya : गया के मानपुर में शादी के नाम पर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी कराने के बाद कथित दुल्हन लाखों रुपये के जेवरात, कपड़े और एक लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गई। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि उनके छोटे भाई रवींद्र की शादी कराने के लिए गया की लालमुनि देवी और बहोरा बिगहा निवासी रवि यादव ने संपर्क किया था। शादी तय होने के बाद दूल्हा पक्ष से सोने-चांदी के जेवर, कपड़े और एक लाख रुपये नकद लिए गए। इसके बाद मानपुर के कुम्हार टोली स्थित मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह संपन्न कराया गया। पीड़ित परिवार के मुताबिक, शादी के अगले दिन विदाई के बाद जब सभी लोग गया जंक्शन से घर लौटने की तैयारी कर रहे थे, तभी एक युवक कथित दुल्हन को बाइक पर बैठाकर फरार हो गया। इसके बाद परिवार को ठगी का एहसास हुआ। पीड़ितों का आरोप है कि पूरी घटना पहले से रची गई साजिश थी और इसमें कई लोग शामिल हैं। जांच के दौरान उत्तर प्रदेश के इलियास खान और शकील नामक दो युवकों की संदिग्ध भूमिका भी सामने आई है, जिससे अंतरराज्यीय ठग गिरोह के सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है। मुफस्सिल थानाध्यक्ष देवराज इंद्र ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर कथित दुल्हन की बहन बताई जा रही एक महिला और उत्तर प्रदेश के एक अधेड़ व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जल्द पूरे गिरोह का खुलासा करने का दावा कर रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। यदि यह अंतरराज्यीय ठगी गिरोह निकला, तो कई और मामलों का खुलासा होने की संभावना है।
 
गया से कोयलांचल लाइव के लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट