Date: 19/07/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

लड्डू व्यवसायी के घर से 7 लाख की चोरी, महिला पर फायरिंग

7/18/2026 12:16:44 PM IST

19
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Gaya : गया जिले के शेरघाटी में हथियारबंद चोरों ने एक लड्डू व्यवसायी के घर में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि चोर करीब सात लाख रुपये नकद और कीमती सामान लेकर फरार हो गए। विरोध करने पर किरायेदार महिला पर गोली भी चलाई गई, हालांकि वह बाल-बाल बच गईं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना शेरघाटी शहर के नई बाजार स्थित पावर ग्रिड के पास की है। शनिवार तड़के करीब सवा तीन बजे हथियारबंद बदमाशों ने खिड़की काटकर लड्डू व्यवसायी किशोर कुमार के घर में प्रवेश किया और करीब सात लाख रुपये नकद समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। पीड़ित व्यवसायी के अनुसार, घटना के वक्त बारिश हो रही थी। उनकी किरायेदार कविता देवी बाहर सूख रहे कपड़े लेने निकलीं, तभी उन्होंने खिड़की के पास दो संदिग्ध लोगों को देखा। शोर मचाकर विरोध करने पर बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली उनके बाजू को छूते हुए निकल गई, जिससे उनकी जान बच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग जुटे तो चोर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही शेरघाटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। घायल महिला की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नई बाजार, नूतन नगर और आसपास के इलाकों में पिछले एक महीने से लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं। उनका कहना है कि कई घरों में चोरी हो चुकी है, लेकिन अब तक किसी बड़े गिरोह का खुलासा नहीं हुआ है। लोगों ने जल्द गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
 
गया से कोयलांचल लाइव के लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट