Date: 31/07/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

सावन के पहले दिन उमड़ा आस्था का सैलाब, 'बोल बम' से गूंजा कांवड़िया पथ

7/30/2026 5:44:29 PM IST

22
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
मुंगेर : सावन मास के पहले दिन आस्था का सैलाब सुल्तानगंज से लेकर मुंगेर के कच्ची कांवड़िया पथ तक उमड़ पड़ा है। कांवड़ियों के पैरों की थाप, कांवड़ में बंधे घुंघरुओं की रुनझुन और "बोल बम" के जयकारों से पूरा कांवड़िया पथ भक्तिमय हो गया है। देखिए हमारी ये खास रिपोर्ट। सुल्तानगंज से उत्तरवाहिनी गंगा का पवित्र जल भरकर लाखों कांवड़िए बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर की ओर निकल पड़े हैं। मुंगेर जिले के 26 किलोमीटर लंबे कच्ची कांवड़िया पथ पर हर कदम के साथ आस्था और श्रद्धा का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है। भगवा वस्त्र पहने, कंधों पर कांवड़ और होठों पर "बोल बम" का जयघोष पूरा रास्ता शिवमय हो उठा है। बिहार ही नहीं, देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों से आए श्रद्धालु भी करीब 105 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा कर बाबा भोलेनाथ के दरबार पहुंचने के लिए उत्साह से आगे बढ़ रहे हैं। कई कांवड़िया पिछले 10 से 11 सालों से लगातार सावन मास में देवघर जा रहे है ।  कांवड़ में बंधे घुंघरुओं की रुनझुन और शिव भजनों की गूंज इस यात्रा को और भी दिव्य बना रही है। कांवड़ियों का कहना है कि यह यात्रा केवल पैरों की नहीं, बल्कि अटूट आस्था और बाबा भोलेनाथ की कृपा की यात्रा है। उनका विश्वास है कि महादेव की शक्ति ही उन्हें बिना थके इतनी लंबी दूरी तय करने का सामर्थ्य देती है। सावन के पहले ही दिन मुंगेर का कच्ची कांवड़िया पथ हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरी तरह गुंजायमान हो उठा है। सावन की शुरुआत के साथ आस्था का यह कारवां अब लगातार बाबाधाम की ओर बढ़ता रहेगा। मुंगेर के कच्ची कांवड़िया पथ पर भक्ति, विश्वास और उत्साह का यह अद्भुत नजारा आने वाले दिनों में और भी भव्य होने की उम्मीद है।
 
मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट