Date: 01/10/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

गया में शराब तस्करों पर सबसे बड़ी कार्रवाई, 21 बाइक पर 3500 लीटर महुआ शराब जब्त

8/1/2026 12:38:50 PM IST

99
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

गया: गया पुलिस ने शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फतेहपुर के जंगल से महुआ शराब की अब तक की सबसे बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने 21 मोटरसाइकिलों पर लदी करीब 3500 लीटर महुआ शराब जब्त की है। चौंकाने वाली बात यह है कि जब्त की गई अधिकांश मोटरसाइकिलें चोरी की बताई जा रही हैं। पुलिस को देखते ही सभी तस्कर जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। मामला गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के हलमता जंगल का है। शुक्रवार को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी की। सूचना मिली थी कि झारखंड से जंगल के रास्ते भारी मात्रा में महुआ शराब बिहार लाई जा रही है। जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तस्करों में अफरा-तफरी मच गई और वे शराब व मोटरसाइकिलें छोड़कर घने जंगल का फायदा उठाते हुए फरार हो गए | छापेमारी के दौरान पुलिस ने 21 मोटरसाइकिलों पर लदी करीब 3500 लीटर महुआ शराब बरामद की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जब्त की गई अधिकांश मोटरसाइकिलें चोरी की हैं, जिनका इस्तेमाल शराब तस्करी में किया जा रहा था। बरामद सभी वाहनों के नंबरों की जांच शुरू कर दी गई है। फतेहपुर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि इस मामले में उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जब्त मोटरसाइकिलों के आधार पर तस्करों की पहचान की जा रही है और पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है। फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

गया से कोयलांचल लाइव के लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट