Date: 09/08/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

टुंडी के माधो जोड़ा में गूंजी मांदर की थाप, पारंपरिक अंदाज में मना विश्व आदिवासी दिवस

8/9/2026 11:54:45 AM IST

17
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
धनबाद :- धनबाद के टुंडी प्रखंड के सुदूरवर्ती माधो जोड़ा गांव में विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर रविवार को लोक संस्कृति और परंपरा का अनूठा रंग देखने को मिला। मांदर की थाप और पारंपरिक वेशभूषा के बीच आयोजित कार्यक्रम में टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो और धनबाद के उप विकास आयुक्त सन्नी राज शामिल हुए। इस दौरान ग्रामीणों को कई सरकारी योजनाओं की सौगात दी गई। वहीं ग्रामीणों ने गांव की समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। मनियाडीह थाना क्षेत्र के जीतपुर पंचायत के पहाड़ी तलहटी में बसे माधो जोड़ा गांव में विश्व आदिवासी दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में आदिवासी संस्कृति और परंपरा की झलक देखने को मिली। पारंपरिक वेशभूषा में ग्रामीणों ने अतिथियों का स्वागत किया। महिलाओं को साड़ी और पुरुषों को धोती भी प्रदान की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने कहा कि झारखंड आदिवासी बहुल राज्य है और सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और आदिवासी समाज के उत्थान के लिए सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में धनबाद के उप विकास आयुक्त सन्नी राज भी मौजूद रहे। उन्होंने सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने का भरोसा दिलाया। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव के विद्यालय में शिक्षकों की कमी का मुद्दा उठाया। साथ ही जंगली हाथियों के आतंक से होने वाले नुकसान की जानकारी भी डीडीसी को दी। ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों के झुंड से कई घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों की समस्या सुनने के बाद डीडीसी ने क्षतिग्रस्त मकानों की स्थिति की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। विश्व आदिवासी दिवस के इस आयोजन ने माधो जोड़ा और आसपास के ग्रामीणों में विकास की नई उम्मीद जगाई है। अब ग्रामीणों को इंतजार है कि कार्यक्रम के दौरान किए गए वादे और घोषणाएं कितनी जल्द धरातल पर उतरती हैं। फिलहाल, विश्व आदिवासी दिवस पर माधो जोड़ा में संस्कृति, परंपरा और विकास का संगम देखने को मिला। ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन की पहल से उनकी वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान जल्द होगा।
           
कोयलांचल लाइव डेस्क