Jamshedpur : झारखंड में सरकारी भर्ती परीक्षाओं, खासकर 14वीं JPSC संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा और JSSC की विभिन्न परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और परिणामों में धांधली के आरोपों को लेकर राज्यभर में छात्र आंदोलन तेज हो गया है। रांची में छात्रों का प्रदर्शन कई दिनों से जारी है। इसी बीच, जमशेदपुर में पूर्व मंत्री और भाजपा नेता दुलाल भुइयाँ ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हुई है और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के बजाय सरकार पूरे मामले की लीपापोती करने में जुटी है। दुलाल भुइयाँ ने स्पष्ट रूप से कहा कि नैतिकता और जवाबदेही के आधार पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि JPSC और JSSC में पारदर्शिता के बजाय ‘सेटिंग-गेटिंग’ का खेल चल रहा है। उन्होंने ब्लैकलिस्टेड एजेंसियों को परीक्षा की जिम्मेदारी सौंपने, OMR शीट में कथित गड़बड़ी और कटऑफ जारी नहीं करने जैसे मुद्दों पर भी सरकार को घेरा। भुइयाँ ने कहा कि इन सवालों पर सरकार को जवाब देना चाहिए। पूर्व मंत्री ने छात्रों के आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि युवाओं का गुस्सा जायज है और सरकार को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए उनके साथ न्याय करना चाहिए।
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट
सम्बंधित खबरें
ट्रेंडिंग न्यूज़