Date: 13/08/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

गया में सामूहिक दुष्कर्म के बाद भी गिरफ्तारी नहीं, पीड़ित परिवार ने ईमेल से शीर्ष अधिकारियों को भेजी शिकायत

8/13/2026 12:02:30 PM IST

29
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

गया : गया में पिछले दिनों एक युवती के साथ गांव के ही तीन युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने का मामला सामने आया था। घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने अब तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है, जिससे पीड़ित परिवार में भय का माहौल है। परिवार ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाना से लेकर एसपी और आईजी कार्यालय तक गुहार लगाई है। इसके बावजूद अब तक तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। मामला मगध विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। पीड़िता के अनुसार, वह घर में अकेली थी। इसी दौरान गांव के तीन युवक घर में घुसे और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। पीड़ित परिवार ने आईजी से भी मिलकर न्याय और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी। आईजी ने संबंधित डीएसपी को मामले की जांच का निर्देश दिया था। वहीं, पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपियों की ओर से लगातार केस उठाने की धमकी दी जा रही है। इस मामले को लेकर पीड़ित परिवार ने अब ईमेल के जरिए प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, डीजीपी समेत अन्य अधिकारियों को पत्र भेजकर न्याय की मांग की है।

 

गया से कोयलांचल लाइव के लिए मनोज कुमार