Date: 25/08/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

दस्तावेज नवीसों की आम सभा में उठा अनुशासन का मुद्दा, कई अहम फैसलों पर बनी सहमति

8/25/2026 5:06:32 PM IST

9
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

गया : बिहार दस्तावेज नवीस संघ, शाखा गया की आम सभा में दस्तावेज नवीसों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र प्रसाद की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पेपरलेस व्यवस्था के तहत डी-ड्राफ्ट लागू करने की प्रस्तावित व्यवस्था, संघ की एकता एवं अनुशासन, संघ के निर्णयों के अनुपालन और पदाधिकारियों से जुड़े मामलों पर विचार-विमर्श किया गया। चर्चा के बाद कई महत्वपूर्ण फैसले सर्वसम्मति से लिए गए। सभा में सदस्यों ने कहा कि किसी भी नई व्यवस्था को लागू करने से पहले दस्तावेज नवीसों के रोजगार और उनके सामने आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों को ध्यान में रखना जरूरी है। इसके लिए संघ स्तर पर उचित विचार-विमर्श और सामूहिक निर्णय की आवश्यकता पर जोर दिया गया। आम सभा ने निर्णय लिया कि दस्तावेज नवीसों के हितों से जुड़े मुद्दों को संबंधित विभाग और सक्षम अधिकारियों के समक्ष संघ की ओर से रखा जाएगा।

मुरारी कुमार सिन्हा की सदस्यता समाप्त करने का फैसला

आम सभा में पूर्व महामंत्री मुरारी कुमार सिन्हा से जुड़े मामले पर भी चर्चा हुई। सदस्यों ने आरोप लगाया कि संघ की पूर्व अनुमति और सहमति के बिना एक बैठक में संघ के खिलाफ पक्ष रखा गया और ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। मामले पर विस्तृत विचार-विमर्श के बाद आम सभा ने सर्वसम्मति से मुरारी कुमार सिन्हा की संघ की प्राथमिक सदस्यता समाप्त करने का निर्णय लिया। साथ ही संघ के निर्णय, अनुशासन और हितों के विरुद्ध कथित कार्यों के संबंध में संघ के नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने पर भी सहमति बनी।

पूर्व अध्यक्ष उदय कुमार सिंह से मांगा जाएगा स्पष्टीकरण

पूर्व अध्यक्ष उदय कुमार सिंह के मामले पर भी आम सभा में चर्चा हुई। बैठक में बताया गया कि उदय कुमार सिंह ने 17 जुलाई 2026 को अपने पद से त्यागपत्र दिया था। त्यागपत्र के बाद 14 दिनों के भीतर संघ की ओर से बैठक आयोजित नहीं किए जाने को लेकर सदस्यों ने सवाल उठाए। इस मामले में आम सभा ने उदय कुमार सिंह से लिखित स्पष्टीकरण मांगने का सर्वसम्मत निर्णय लिया। स्पष्टीकरण प्राप्त होने के बाद संघ के नियमों और आम सभा के निर्णय के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

26 अगस्त की बैठक का सामूहिक बहिष्कार

बैठक में 26 अगस्त 2026 को मुरारी कुमार सिन्हा द्वारा प्रस्तावित बैठक को लेकर भी निर्णय लिया गया। आम सभा ने तय किया कि बिहार दस्तावेज नवीस संघ, शाखा गया के सदस्य इस बैठक का सामूहिक रूप से बहिष्कार करेंगे। शाखा के सदस्यों ने कहा कि उक्त बैठक में कोई भी सदस्य हिस्सा नहीं लेगा और सभी सदस्य आम सभा के सर्वसम्मत निर्णय एवं संघ की एकता के अनुरूप कार्य करेंगे।

31 अगस्त तक जारी रहेगा असहयोग आंदोलन

दस्तावेज नवीसों के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर चल रहे असहयोग आंदोलन को भी जारी रखने का निर्णय लिया गया। आम सभा के अनुसार, आंदोलन 31 अगस्त 2026 तक जारी रहेगा। साथ ही पटना उच्च न्यायालय में निर्धारित अगली सुनवाई की तिथि तक संघ के निर्णय के अनुसार आंदोलन जारी रखने की बात कही गई। सभा में मौजूद सदस्यों ने कहा कि दस्तावेज नवीसों के हितों, संघ की एकता और उनके वैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलन लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से जारी रखा जाएगा। आम सभा में लिए गए फैसलों के बाद संघ ने दस्तावेज नवीसों के हितों की रक्षा, संगठन में अनुशासन बनाए रखने और संघ की एकता को मजबूत करने के लिए सामूहिक रूप से काम करने का संकल्प दोहराया।

 

 गया से कोयलांचल लाइव के लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट