Date: 28/08/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

MMDR बिल के विरोध में कांग्रेस का हल्लाबोल, राम मंदिर चंदे की जांच सार्वजनिक करने की मांग ,अनुपमा सिंह ने एमएमडीआर बिल को लेकर अंदर की बात बताई ,कहा ...
 

8/27/2026 3:47:13 PM IST

32
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad  :- धनबाद में कांग्रेस पार्टी ने आज रणधीर वर्मा चौक पर धरना-प्रदर्शन कर केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस ने राम मंदिर चंदा मामले में पारदर्शी जांच की रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग उठाई, वहीं एमएमडीआर बिल का विरोध करते हुए इसे झारखंड के हितों के खिलाफ बताया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी के हाथों में तख्तियां और केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाते कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जोरदार प्रदर्शन करते देखा गया। धरने के दौरान पार्टी नेताओं ने राम मंदिर चंदा मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस मामले में एसआईटी की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जानी चाहिए, ताकि जनता के सामने यह स्पष्ट हो सके कि जांच में क्या तथ्य सामने आए हैं और कथित तौर पर कितनी राशि की गड़बड़ी का मामला सामने आया है। धरने को संबोधित करते हुए धनबाद की पूर्व लोकसभा प्रत्याशी अनुपमा सिंह ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार एमएमडीआर बिल के जरिए झारखंड के हितों को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने दावा किया कि इस बिल का असर राज्य की कई जनकल्याणकारी योजनाओं पर पड़ सकता है। अनुपमा सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार की नजर झारखंड की खनिज संपदा पर है और राज्य के संसाधनों पर नियंत्रण स्थापित करने की कोशिश की जा रही है।कार्यक्रम प्रभारी डॉ. राजेश किरण ने भी केंद्र सरकार पर झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश की जनता रोजगार और विकास की मांग कर रही है, लेकिन केंद्र सरकार एमएमडीआर बिल लेकर आई है। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता इस बिल को स्वीकार नहीं करेगी और अपने अधिकारों व प्राकृतिक संसाधनों के साथ किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। डॉ. राजेश किरण ने धनबाद सांसद को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि संसद में एमएमडीआर बिल के मुद्दे पर धनबाद सांसद की चुप्पी को जनता देख रही है और धनबाद व झारखंड की जनता पूरे मामले को समझ रही है।धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस ने राम मंदिर चंदा मामले की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने और एमएमडीआर बिल को लेकर अपनी आपत्तियों को प्रमुखता से उठाया। वही जिला अध्यक्ष संतोष सिंह ने एमएमडीआर बिल को लेकर केंद्र सरकार को जमकर कोसा। कांग्रेस ने इस धरना-प्रदर्शन के जरिए एक साथ दो बड़े मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेरा है। एक ओर राम मंदिर चंदा मामले में पारदर्शी जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की गई, तो दूसरी ओर एमएमडीआर बिल को झारखंड के हितों के खिलाफ बताते हुए इसका विरोध किया गया।
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क