Date: 07/09/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

एएसआई संतोष कुमार सिंह हत्याकांड में बड़ा फैसला, 8 दोषियों को उम्रकैद
 

9/7/2026 12:17:21 PM IST

13
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Munger : मुंगेर व्यवहार न्यायालय ने एएसआई संतोष कुमार सिंह हत्याकांड में बड़ा फैसला सुनाया है। जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश चतुर्थ कुमारी मनीषा की अदालत ने तीन महिलाओं समेत सभी आठ दोषियों को आजीवन कठोर कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही सभी पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। जुर्माना नहीं देने पर छह महीने की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी। मामला मार्च 2025 में होली के दिन मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नंदलालपुर गांव का है। विवाद की सूचना पर 112 डायल पुलिस टीम के साथ एएसआई संतोष कुमार सिंह मौके पर पहुंचे थे और विवाद शांत कराया था। बताया गया कि उसी शाम गश्त के दौरान दोबारा विवाद की सूचना मिलने पर संतोष कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। आरोप है कि समझाने के दौरान रणवीर के घर के पास आरोपियों ने लाठी, रॉड और दाब से उन पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल संतोष कुमार सिंह को पहले स्थानीय अस्पताल और फिर पटना के पारस अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद साथ मौजूद सिपाही दीपक कुमार के बयान पर मुफस्सिल थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। करीब डेढ़ साल चली सुनवाई के दौरान 12 गवाहों की गवाही हुई। इसके बाद अदालत ने आठों आरोपियों को दोषी करार दिया। सजा पाने वालों में रणवीर कुमार, रंजीत कुमार, राजू कुमार, गुड्डू कुमार, विकास कुमार, रेखा देवी, सरिता देवी और मौसम कुमारी शामिल हैं। सभी सजाएं एक साथ चलेंगी। अदालत के फैसले के बाद सभी दोषियों को जेल भेज दिया गया है।
 
मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज खान की रिपोर्ट