Date: 14/10/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

धनबाद के तेतुलतल्ला में बनेगा 75 फीट ऊंचा भव्य पंडाल, और मूव करता पंडाल होगा खास आकर्षण ,ड्रोन से होगी निगरानी .....

10/13/2026 4:21:13 PM IST

22
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : दुर्गा पूजा को लेकर धनबाद के तेतुलतल्ला पूजा समिति की तैयारियां जोरों पर हैं। इस बार यहां 75 फीट ऊंचा भव्य पंडाल बनाया जा रहा है, जो अपनी अनोखी थीम और आकर्षक सजावट के कारण श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण का केंद्र बनेगा। पूजा की तैयारियों को लेकर तेतुलतल्ला मैदान में समिति की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान समिति के पदाधिकारियों ने पूजा की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं के लिए की गई सुविधाओं की जानकारी दी। वहीं, पत्रकारों और फोटोग्राफरों को चुनरी और अंगवस्त्र देकर सम्मानित भी किया गया। तेतुलतल्ला पूजा समिति इस वर्ष दुर्गा पूजा को भव्य और आकर्षक रूप देने में जुटी है। समिति के सचिव सुरेंद्र यादव ने बताया कि इस बार लगभग 75 फीट ऊंचा पंडाल तैयार किया जा रहा है। पंडाल की थीम ऐसी होगी, जिसमें पंडाल मूव करता यानी नाचता हुआ नजर आएगा। इसके अंदर एनाकोंडा, बादलों के दृश्य, पशु-पक्षियों की चहचहाहट और घोड़े सहित विभिन्न आकर्षक दृश्य देखने को मिलेंगे। वहीं, ध्यान की मुद्रा में महात्माओं की आकृतियां भी सजावट का हिस्सा होंगी। मां दुर्गा की प्रतिमा में पारंपरिक ढाक के स्वरूप को बरकरार रखा जाएगा। समिति के अनुसार, इस बार पूजा का कुल बजट करीब 18 लाख रुपये रखा गया है। इसमें लगभग 8 लाख रुपये पंडाल निर्माण, 2 लाख रुपये लाइटिंग और 1 लाख रुपये प्रतिमा निर्माण पर खर्च किए जाएंगे। बाकी राशि अन्य व्यवस्थाओं और आयोजन पर खर्च होगी।
सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर भी समिति ने विशेष तैयारी की है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 300 वॉलंटियरों की टीम तैनात रहेगी। पूरे परिसर की निगरानी के लिए 12 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और ड्रोन कैमरे से भी निगरानी की व्यवस्था होगी। इसके अलावा 12 बाई 8 फीट की एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी। महिलाओं के लिए शौचालय, पीने के पानी, प्राथमिक उपचार केंद्र, पुलिस कंट्रोल रूम और खोया-पाया केंद्र की व्यवस्था की जाएगी। बच्चों और महिलाओं के लिए झूले तथा बड़ों के लिए बड़ा झूला भी आकर्षण का हिस्सा होगा। समिति के सचिव ने बताया कि वर्ष 2024 में मेले की विधि-व्यवस्था के लिए समिति को पहला पुरस्कार मिला था। इस बार भी बेहतर व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं का स्वागत करने की तैयारी है।
प्रेस वार्ता के दौरान समिति ने पत्रकारों और फोटोग्राफरों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें चुनरी और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। समिति के सचिव सुरेंद्र यादव ने कहा कि मीडिया के लोग पूरे साल मेहनत करते हैं और पूजा कमेटियों की गतिविधियों को लोगों तक पहुंचाते हैं। इसी योगदान के सम्मान में समिति हर साल पत्रकारों और फोटोग्राफरों को सम्मानित करती है।
कुल मिलाकर, तेतुलतल्ला पूजा समिति इस बार भव्य पंडाल, अनोखी थीम और मजबूत सुरक्षा व्यवस्था के साथ दुर्गा पूजा को यादगार बनाने की तैयारी में जुटी है। अब श्रद्धालुओं को पंडाल के अंतिम रूप और मां दुर्गा के दर्शन का इंतजार है।
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क