Date: 20/09/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

जगदीशपुर हत्याकांड का खुलासा,अभय यादव हत्याकांड में भोजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार....

9/19/2026 12:04:19 PM IST

19
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Aara :  भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र में हुए अभय यादव हत्याकांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन करने का दावा किया है। पुलिस ने घटना में शामिल तीन आरोपियों को घटना में इस्तेमाल किए गए पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। वहीं, इस मामले में एक आरोपी पूर्व में ही आत्मसमर्पण कर चुका है। पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर 2026 को तेंदुनी मोड़ के पास पैसे के विवाद को लेकर अभय यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अनुसंधान के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक और घटना में शामिल उसके कुछ साथी एक ही आपराधिक गिरोह से जुड़े हुए थे। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ दिन पहले रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र में एनएच पर अंडे से लदे एक पिकअप वाहन को लूटा गया था। बाद में अभय यादव कथित तौर पर लूटे गए पिकअप वाहन और उसमें लदे अंडों को लेकर एक संदिग्ध स्थान पर चला गया और अंडे बेच दिए। अंडों की बिक्री से मिले करीब एक लाख रुपये को लेकर अभय यादव और उसके साथियों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। 
एसडीपीओ जगदीशपुर राहुल कुमार के अनुसार, घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित भोजपुर के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जगदीशपुर और डीआईयू टीम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्याकांड में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद किया गया है।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ विधिसम्मत अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। मामले में पूर्व में एक आरोपी द्वारा आत्मसमर्पण भी किया जा चुका है।
भोजपुर पुलिस की इस कार्रवाई के बाद जगदीशपुर में हुए अभय यादव हत्याकांड की गुत्थी सुलझने का दावा किया गया है। पुलिस अब इस आपराधिक गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
 
आरा  से कोयलांचल लाइव के लिए आशुतोष पांडेय की रिपोर्ट