Date: 09/11/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

होटल चलाना हुआ मुश्किल! रंगदारी नहीं देने पर दुकानदारों से मारपीट और लूटपाट..

11/9/2026 6:09:38 PM IST

9
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

Dhanbad : धनबाद। कोयलांचल के वासेपुर में आपराधिक तत्वों और रंगबाजों का मनोबल इस कदर बढ़ गया है कि आम दुकानदार व छोटे कारोबारी दहशत के साए में जीने को मजबूर हैं। ताजा मामला वासेपुर थाना क्षेत्र का है, जहां रंगदारी देने से इनकार करने पर बेखौफ अपराधियों ने दो खाना-नाश्ता होटलों में जमकर उत्पात मचाया, तोड़फोड़ की और दुकानदारों के साथ मारपीट करते हुए गल्ले से नकदी लूट ली। इतना ही नहीं, अपराधियों ने बाहर खड़ी एक गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के संबंध में पीड़ित होटल संचालक हबीब और राम मंसाई जो 'मोइन होटल' के नाम से दुकान चलाते हैं ने बताया कि वे पिछले 8-10 वर्षों से वासेपुर में अपनी दुकान चलाकर रोजी-रोटी कमा रहे हैं। आरोप है कि जुम्मन कुरैशी, कलाम कुरैशी का बेटा आलम और उनके साथ 4-5 अन्य युवक पिछले कुछ दिनों से लगातार होटल में आकर मुफ्त में खाना खाते थे और मना करने पर रंगबाजी दिखाते थे। पीड़ित के अनुसार, रविवार शाम करीब 7 बजे उक्त आरोपी अपने साथियों के साथ पहुंचे और 6-7 लोगों के लिए खाना मांगने लगे। जब दुकानदार ने बकाया पैसों की मांग की, तो अपराधियों ने गाली-गलौज करते हुए कहा कि कल से 6 हजार रुपये महीना बंधा हुआ रंगदारी देना होगा, नहीं तो दुकान छोड़कर भाग जाओ।आरोपियों ने दुकान में आग लगाने और जान से मारने की धमकी भी दी। इस घटना के बाद पीड़ित होटल संचालक ने रविवार रात करीब 8-9 बजे भूली ओपी/थाना में जाकर पुलिस को लिखित शिकायत दी। लेकिन अगले ही दिन सुबह जब दुकान खोली गई, तो आरोपी दोबारा आ धमके। उन्होंने दुकान का सारा सामान, काउंटर और बर्तन तोड़-फोड़कर फेंक दिया। इसके साथ ही गल्ले में रखे लगभग 11,000 रुपये नकद भी लूट लिए। भागते समय आरोपियों ने धमकी दी कि अगर रात में दुकान खोली या पुलिस के पास गए, तो दुकान समेत दुकानदारों को जिंदा जला दिया जाएगा। आरोपियों ने खुद को वासेपुर का बॉस बताते हुए हथियार का खौफ भी दिखाया। घटना के बाद से क्षेत्र के अन्य व्यवसायियों में भी गहरा डर व्याप्त है। पीड़ितों ने स्थानीय पुलिस प्रशासन से अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है तथा नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, पुलिस मामले की छानबीन और आरोपियों की गिरफ्तारी में जुट गई है।

 

संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क