Date: 24/09/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

अरुण भारती के अत्री दौरे पर विधायक रोमित कुमार का पलटवार, कहा - ‘सिर्फ राजनीति के लिए दौरा करना उचित नहीं’....

9/24/2026 5:07:54 PM IST

9
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Gaya : बिहार के गया जिले के अत्री विधानसभा क्षेत्र में चिराग पासवान की पार्टी के सांसद अरुण भारती के प्रस्तावित दौरे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। स्थानीय विधायक रोमित कुमार ने अरुण भारती के दौरे और मांझी समुदाय से जुड़े मुद्दों को लेकर सवाल उठाए हैं।
रोमित कुमार ने कहा कि यदि अरुण भारती वास्तव में जीतन राम मांझी और मांझी समुदाय के हितों को लेकर गंभीर हैं, तो उन्हें आरक्षण के पुनरीक्षण सहित उन मुद्दों पर स्पष्ट रूप से अपना पक्ष रखना चाहिए, जिनसे समुदाय को लाभ मिल सकता है।
विधायक ने कहा कि वे खुद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात के लिए समय लेकर संबंधित मामले में कार्रवाई की मांग कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में अत्याचार, दुर्घटना में मौत या अन्य गंभीर मामलों की जानकारी मिलने पर वे लगातार संबंधित परिवारों तक पहुंचते हैं और प्रशासन के स्तर पर कार्रवाई कराने का प्रयास करते हैं।
रोमित कुमार ने कहा कि एक मामले में उन्होंने एसएसपी से भी बात की थी, जहां कार्रवाई का आश्वासन मिला और संबंधित पुलिसकर्मी के निलंबन की कार्रवाई भी हुई। उन्होंने कहा कि इसके बाद भी वे पीड़ित परिवार के लिए मुख्यमंत्री से मिलने का समय लेकर उनसे मुलाकात कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि यदि कोई नेता मांझी समुदाय का हितैषी होने का दावा करता है, तो उसे समुदाय के आरक्षण और आर्थिक विकास जैसे मुद्दों पर अपना स्पष्ट रुख सामने रखना चाहिए। विधायक ने कहा कि मांझी समुदाय को आरक्षण का अपेक्षित लाभ किस तरह मिले और पूरी कम्युनिटी को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए क्या कदम उठाए जाएं, इस पर भी चर्चा होनी चाहिए।
रोमित कुमार ने अरुण भारती के अत्री दौरे को लेकर कहा कि यदि दौरा केवल राजनीतिक उद्देश्य से किया जा रहा है, तो यह उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि वे अपने नेता जीतन राम मांझी के साथ खड़े हैं और क्षेत्र के मुद्दों को लेकर लगातार काम कर रहे हैं।
 
गया से कोयलांचल लाइव की लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट