Jamtara : झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी शनिवार को अप पूर्वा एक्सप्रेस ट्रेन से चित्तरंजन स्टेशन पहुंचे। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूल-माला पहनाकर उनका स्वागत किया। इसके बाद मंत्री कार्यकर्ताओं के साथ मिहिजाम स्थित कांग्रेस कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने विभिन्न छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर छठ महापर्व की तैयारियों और घाटों पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने छठ घाटों में आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए सहयोग भी किया। मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने राज्यभर के छठव्रतियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि साल में एक बार छठी मईया की सेवा करने और इस महापर्व में अपनी भागीदारी निभाने का अवसर मिलता है। उनका हमेशा प्रयास रहता है कि छठ पूजा के दौरान किसी भी व्रती या श्रद्धालु को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। इसके लिए उन्होंने प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि छठ घाटों पर सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जायेगा। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए प्रशासन सतर्क रहे। साथ ही नदी, तालाबों और अन्य जलाशयों की साफ-सफाई पर विशेष जोर दिया जाए, ताकि छठव्रती स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण में भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें। मंत्री ने मिहिजाम वासियों को छठ पूजा के अवसर पर एक और सौगात देने की घोषणा करते हुए बताया कि आगामी 16 नवंबर को मिहिजाम के नए थाना भवन का शिलान्यास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में मिहिजाम थाना किराये के भवन में संचालित हो रहा है, जिसकी हालत काफी जर्जर है। इससे पुलिसकर्मियों के साथ-साथ थाना पहुंचने वाले आम लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नए थाना भवन के निर्माण से पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा और आम जनता को भी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
जामताड़ा से कोयलांचल लाइव के लिए निशिकांत मिस्त्री की रिपोर्ट
सम्बंधित खबरें
ट्रेंडिंग न्यूज़