Date: 28/09/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

SIR विवाद पर कांग्रेस का हमला, CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग,चुनाव आयोग कार्यालय के समक्ष पुतला दहन का बड़ा ऐलान...

9/27/2026 4:32:06 PM IST

18
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने एसआईआर समेत मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर निर्वाचन आयोग पर निशाना साधा है। उन्होंने शनिवार को धनबाद के सर्किट हाउस में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस के देशव्यापी आंदोलन की जानकारी दी। शाहदेव ने कहा कि चुनावों में पारदर्शिता, निष्पक्षता और स्वच्छता सुनिश्चित करना निर्वाचन आयोग की जिम्मेदारी है। उनके मुताबिक, एसआईआर प्रक्रिया और मतदाता सूची में नामों को लेकर उठ रहे सवाल लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय हैं। हाल में दो चुनाव आयुक्तों द्वारा एसआईआर और मतदाता सूची से जुड़े कुछ फैसलों पर आपत्तियां दर्ज किए जाने की रिपोर्ट सामने आई है। हालांकि, निर्वाचन आयोग ने इन रिपोर्टों के बीच स्पष्ट किया है कि एसआईआर से जुड़े फैसले सर्वसम्मति से लिए गए थे।  कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया के तहत बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम प्रभावित हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि इससे गरीब, वंचित और कमजोर वर्ग के लोगों के मताधिकार पर असर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में कथित 'वोट चोरी' के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
शाहदेव ने बताया कि 28 सितंबर को झारखंड के सभी जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं, रांची स्थित चुनाव आयोग कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन और पुतला दहन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कांग्रेस ने इस अभियान के जरिए एसआईआर प्रक्रिया, मतदाता सूची और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली से जुड़े सवालों को जनता के बीच उठाने की बात कही है।
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क