Date: 29/09/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी, धनबाद पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में ,कई थानों में मामले दर्ज....

9/28/2026 3:05:46 PM IST

74
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : सरकारी विभागों में नौकरी और पदोन्नति दिलाने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप में धनबाद सदर थाना की पुलिस ने बैंक मोड़ निवासी पंकज गुप्ता (28) को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ धनबाद, झरिया, बैंक मोड़ और पलामू समेत कई थानों में ठगी से संबंधित मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच कर रही है।
पीड़ितों के अनुसार, आरोपी ने अलग-अलग लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और पुलिस विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इसके बदले किसी से 20 लाख, किसी से 15 लाख, 10 लाख और 6 लाख रुपये तक लिए गए। कुछ लोगों को कथित तौर पर जाली ज्वाइनिंग लेटर भी दिए गए। बाद में जब इन दस्तावेजों की जांच कराई गई तो उनके फर्जी होने की जानकारी सामने आई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से कई जिलों के लोगों से ठगी कर रहा था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा शिकायतकर्ताओं के खिलाफ भी मुकदमे दर्ज कराने की बात सामने आई है। पुलिस आरोपी के भाई की भूमिका की भी जांच कर रही है। आरोपी के पिता उदय कुमार गुप्ता ने भी बेटे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उन्होंने बेटे के ठगी के काम का विरोध किया था। आरोप है कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई।
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि पंकज गुप्ता के खिलाफ कई लोगों ने आवेदन दिया है। पुलिस सभी शिकायतों की जांच कर रही है। जांच के बाद आरोपी को जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क