Date: 02/10/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

स्थानीय रोजगार और मैन्युअल लोडिंग की मांग पर धरना, क्षेत्र  में गरमाया माहौल ,प्रदर्शनकारियों ने लगाया मारपीट और गुंडागर्दी का आरोप.....

10/1/2026 3:06:24 PM IST

कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Baghmara : बाघमारा के बीसीसीएल ब्लॉक-02 क्षेत्र के न्यू मधुबन कोल वाशरी में कोल माइंस वर्कर्स यूनियन के बैनर तले यूनियन के सचिव बलदेव वर्मा के नेतृत्व में स्थानीय ग्रामीणों और मजदूरों का धरना प्रदर्शन आज दूसरे दिन भी जारी है। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग है कि बंद पड़ी रिजेक्ट और वॉश कोल की मैन्युअल लोडिंग को तुरंत शुरू किया जाए, जिससे स्थानीय विस्थापितों और बेरोजगारों को काम मिल सके।
धरने पर बैठे यूनियन के सचिव बलदेव वर्मा का कहना है कि पे-लोडर और मशीनों के जरिए कोयले की लोडिंग कराई जा रही है, जिससे स्थानीय मजदूरों की रोजी-रोटी छिन गई है। उनकी मांग है कि मशीनों की जगह मजदूरों से लोडिंग कराई जाए, ताकि क्षेत्र के गरीब लोगों के घरों में चूल्हा जल सके। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि निजी कम्पनी राधा चैनई आउटसोर्सिंग द्वारा स्थानीय युवाओं की अनदेखी कर बाहर से सैकड़ों मजदूरों को लाकर काम कराया जा रहा है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वही बलदेव वर्मा ने आरोप लगाया है कि शांतिपूर्ण ढंग से चल रहे आंदोलन को कुचलने के लिए साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि धरने पर बैठी महिलाओं और मजदूरों के साथ मारपीट व अभद्र व्यवहार किया गया।स्थानीय प्रबंधन और कुछ रसूखदारों पर गुंडागर्दी कराने का सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि डरा-धमकाकर आंदोलन को खत्म करने की कोशिश की जा रही है।
इस आंदोलन को झामुमो के केंद्रीय सदस्य डब्लू महथा और निरसा विधायक अरुप चटर्जी का खुला समर्थन मिला है। आज मौके पर पहुंचे नेताओं ने बीसीसीएल ब्लॉक-2 प्रबंधन और राधा चैनई आउटसोर्सिंग कंपनी की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने चेतावनी दी कि स्थानीय लोगों को 75 से 100 प्रतिशत रोजगार देने के अधिकार की लड़ाई अंतिम दम तक लड़ी जाएगी।  
​फिलहाल मजदूरों ने ट्रांसपोर्टिंग को रोक रखा है और चेतावनी दी है कि यदि प्रबंधन ने सकारात्मक पहल नहीं की और स्थानीय लोगों को उनका हक नहीं दिया, तो आने वाले दिनों में चक्का जाम और वॉशरी को पूरी तरह से बंद करने जैसे उग्र कदम उठाए जाएंगे।
 
बाघमारा से  कोयलांचल लाइव के लिए काशीनाथ रवानी की रिपोर्ट