Date: 05/10/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

आरसीएमयू का दो दिवसीय कार्यकर्ता सम्मेलन 9 और 10 अक्टूबर को, श्रमिक हितों पर होगी चर्चा
 

10/5/2026 4:12:03 PM IST

9
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad  : राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन (आरसीएमयू) की ओर से आगामी 9 और 10 अक्टूबर को धनबाद में कार्यकर्ता सम्मेलन एवं आमसभा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर संगठन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दोनों कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, समर्थकों और केंद्रीय पदाधिकारियों के शामिल होने की संभावना है।
आरसीएमयू के महामंत्री ए.के. झा ने बताया कि 9 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे बीसीसीएल के पूर्वी झरिया क्षेत्र स्थित भौरा क्लब में कार्यकर्ता सम्मेलन एवं आमसभा आयोजित की जाएगी। इसमें कालीचरण यादव सहित सैकड़ो  कार्यकर्ता और समर्थक शामिल होंगे।
 
वहीं, 10 अक्टूबर को बीसीसीएल के कुसुंडा क्षेत्र स्थित 15 नंबर वर्कशॉप के समीप कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में घनश्याम गिरी सैकड़ों साथियों के साथ शामिल होंगे।
महामंत्री ए.के. झा ने बताया कि दोनों कार्यक्रमों में आरसीएमयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह बेरमो विधायक कुमार जयमंगल उर्फ अनूप सिंह और कार्यकारी अध्यक्ष अनुपमा सिंह की मौजूदगी रहेगी। इनके अलावा संगठन के केंद्रीय एवं स्थानीय पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक भी सम्मेलन में भाग लेंगे।
 
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सम्मेलन और आमसभा के जरिए संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने के साथ-साथ श्रमिकों की समस्याओं, उनके अधिकारों और हितों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही संगठन की आगामी गतिविधियों और कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा।
 
ए.के. झा ने आरसीएमयू के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों से दोनों कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर सम्मेलन एवं आमसभा को सफल बनाने की अपील की है।
 
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क