Date: 06/10/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

प्रार्थना से लौट रहे विकास मित्र की गोली मारकर हत्या, पत्नी ने रघु-बंटी पर लगाया आरोप; दो हिरासत में......

10/5/2026 5:48:28 PM IST

20
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Gaya : डेल्हा थाना क्षेत्र में रविवार रात अपराधियों ने प्रार्थना से घर लौट रहे विकास मित्र शंकर मांझी (45) को घेरकर गोलियों से भून दिया। बैरागी महादेव स्थान बगीचा के पास हुई वारदात में शंकर को तीन गोलियां लगीं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के वक्त उनकी पत्नी कविता देवी भी साथ थीं। पत्नी ने कुछ लोगों पर पुरानी दुश्मनी में हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान में जुटी है।
बताया गया कि शंकर मांझी अपनी पत्नी कविता देवी के साथ जनता कॉलोनी में ईसा मसीह की प्रार्थना में शामिल होने गए थे। रात में दोनों पैदल घर लौट रहे थे। शंकर पत्नी से करीब 10 कदम आगे चल रहे थे। इसी दौरान बगीचा के पास घात लगाए अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से पत्नी कुछ समझ पातीं, उससे पहले शंकर जमीन पर गिर पड़े। परिजनों के मुताबिक, शंकर को पेट में दो और माथे में एक गोली लगी। गोली लगते ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही डेल्हा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सिटी एसपी अभिनव कुमार और डीएसपी धर्मेंद्र भारती ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मौके से तीन खोखे बरामद किए हैं। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को जांच के लिए सुरक्षित किया गया है। एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से जांच करेगी।
मृतक की पत्नी कविता देवी ने पुलिस को बताया कि गोली चलाने वालों में रघु की पहचान वह कर सकती हैं। उन्होंने सुनीता देवी और गोपाल पासवान पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। पत्नी के अनुसार, बंटी और रघु समेत तीन-चार लोगों ने मिलकर शंकर पर हमला किया। कविता का आरोप है कि शंकर की कुछ लोगों से पुरानी दुश्मनी थी। वह मोहल्ले में गलत गतिविधियों का विरोध करते थे और लोगों को समझाते थे। इसी वजह से कुछ लोग उनसे नाराज थे। पत्नी ने आरोप लगाया कि सुनीता देवी मोहल्ले में बाहर से लोगों को बुलाकर रखती थी और शराब से जुड़ी गतिविधियां भी होती थीं। शंकर इन गतिविधियों का विरोध करते थे। इसी को लेकर उनके साथ कुछ लोगों का विवाद और पुरानी रंजिश थी। हालांकि, पत्नी द्वारा लगाए गए इन आरोपों की पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है।
सिटी एसपी अभिनव कुमार ने बताया कि रात करीब नौ बजे शंकर मांझी को गोली मारे जाने की सूचना मिली थी। परिजनों के शक के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस को घटनास्थल से कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी पुलिस को मिले हैं, जिनके आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है। सिटी एसपी ने कहा कि मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। घटना में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। हत्या के पीछे की असली वजह क्या है, इसे लेकर पुरानी रंजिश समेत सभी पहलुओं पर जांच चल रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।
 
गया से कोयलांचल लाइव की लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट


सम्बंधित खबरें

# सीसीटीवी से खुला चेन स्नैचिंग गिरोह का राज, पश्चिम बंगाल का आरोपी गिरफ्तार,दो मोबाइल बरामद, आरपीएफ-जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई.....
# पुलिस अधीक्षक कार्यालय के कक्ष में पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी (क्राइम मीटिंग) का आयोजन ....
# हेड पोस्ट ऑफिस में सीबीआई का शिकंजा, 10 हजार की रिश्वत लेते ओवरसियर गिरफ्तार,डाक विभाग में मचा हड़कंप ....
# दिल्ली दंगा मामले में साजिश के आरोपी  तिहाड़ से काको पहुंचे शरजील इमाम, भाई की शादी में शामिल होने मिली अंतरिम जमानत.....
# हल्दीपोखर में पत्थर फैक्ट्री का प्रदूषण बना मुसीबत, धूल से सांस लेना मुश्किल; प्रशासन से कार्रवाई की मांग.....