Date: 06/10/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

जैन कॉलेज के सेवानिवृत्त शिक्षक प्रो. सतीश कुमार की पहली पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा....

10/6/2026 4:01:16 PM IST

12
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Aara :  आरा के सेवानिवृत्त शिक्षक एवं वनस्पति विज्ञान विभाग के प्रो. सतीश कुमार की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को कॉलेज के क्रीड़ा मंच पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों, कर्मचारियों, बुद्धिजीवियों, खिलाड़ियों एवं गणमान्य लोगों ने स्वर्गीय प्रो. सतीश कुमार के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उनके जीवन पर प्रकाश डाला। बताया गया कि प्रो. सतीश कुमार ने करीब 40 वर्षों तक जैन कॉलेज में अपनी सेवाएं दीं। उन्होंने जैन कॉलेज के साथ-साथ वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा के महत्वपूर्ण पदों पर भी कार्य किया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने जिस पद की जिम्मेदारी संभाली, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा एवं सभी के हित में किया। श्रद्धांजलि सभा में वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के कुलानुशासक प्रो. नीरज सिन्हा, सीसीडीसी प्रो. अनुज रजक, एमबीए निदेशक प्रो. संजय कुमार सिंह, स्नातकोत्तर गणित विभागाध्यक्ष प्रो. विजय कुमार सिंह, स्नातकोत्तर वाणिज्य विभागाध्यक्ष प्रो. जितेंद्र कुमार, स्नातकोत्तर वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. मसूद अहमद, स्नातकोत्तर इतिहास विभागाध्यक्ष प्रो. दीपक वर्धन, प्रो. वकारू जामा, प्रो. संजय चौबे सहित जैन कॉलेज के प्रशासनिक पदाधिकारी मनीष कुमार, अजय कुमार सिंह एवं राजेश राय उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन श्री सुमित सिन्हा एवं श्री अजय कुमार तिवारी ‘मुनमुन’ के द्वारा किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय प्रो. सतीश कुमार के योगदान को याद करते हुए उनके प्रति श्रद्धा व्यक्त की। कार्यक्रम में ‘स्वच्छ वातावरण’ नगर निगम आरा की ओर से साफ-सफाई एवं चूना छिड़काव भी कराया गया।
 

आरा से कोयलांचल लाइव के लिए आशुतोष पांडेय की रिपोर्ट