Date: 12/10/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

बदहाल सफाई व्यवस्था पर हंगामा, अधिकारियों के खिलाफ सड़क पर उतरे विधायक और पार्षद

10/12/2026 11:46:10 AM IST

27
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : मानगो नगर निगम की सफाई व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा आखिरकार सड़क पर उतर आया। कई महीनों से कचरे का उठाव नहीं होने से नाराज विधायक सरयू राय, वार्ड पार्षदों और स्थानीय लोगों ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। सभी लोग बगानशाही मुर्दा मैदान से कचरा उठाकर नगर निगम कार्यालय पहुंचे और कार्यालय के बाहर कई टन कचरा डंप कर दिया।
 
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मानगो के सात नंबर रोड स्थित बगानशाही मुर्दा मैदान में लंबे समय से कचरे का अंबार लगा हुआ था। इससे आसपास के इलाकों में दुर्गंध फैल रही थी और लोगों को बीमारियों का खतरा सता रहा था। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने और विधायक की ओर से अधिकारियों को सफाई कराने के निर्देश देने के बावजूद कचरे का उठाव नहीं हुआ।
 
इससे नाराज विधायक सरयू राय, पार्षदों और स्थानीय लोगों ने खुद कचरा उठाकर नगर निगम कार्यालय के बाहर डाल दिया। इस दौरान निगम के अधिकारियों के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई गई। वार्ड पार्षदों ने कहा कि सफाई नहीं होने पर जनता उनसे सवाल करती है, लेकिन बार-बार शिकायत के बावजूद अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
 
इस विरोध प्रदर्शन ने मानगो नगर निगम की सफाई व्यवस्था और अधिकारियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि निगम प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और क्षेत्र की सफाई व्यवस्था कब दुरुस्त होती है।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट