Date: 03/11/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

महाबोधि मंदिर में महाकठिन चीवर दान समारोह, विदेशी बौद्ध श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

11/1/2026 4:07:28 PM IST

37
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Gaya : बिहार के गया जिले के बोधगया की पावन धरती एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय बौद्ध परंपरा और आध्यात्मिक आस्था की साक्षी बनी। मौका था महाबोधि महाविहार में आयोजित महाकठिन चीवर दान समारोह का। तीन महीने के वर्षावास के समापन के बाद आयोजित इस समारोह में बड़ी संख्या में देशी-विदेशी बौद्ध श्रद्धालु और विभिन्न देशों से आए बौद्ध भिक्षु शामिल हुए। इस दौरान महाबोधि मंदिर परिसर स्थित पवित्र बोधिवृक्ष के नीचे विशेष पूजा-अर्चना और प्रार्थना का आयोजन किया गया। बौद्ध श्रद्धालुओं ने भगवान बुद्ध के उपदेशों को याद करते हुए शांति, करुणा और विश्व कल्याण का संदेश दिया। समारोह के दौरान करीब 400 लामाओं को वस्त्र और चीवर दान किया गया। थाईलैंड, म्यांमार, बांग्लादेश, श्रीलंका और वियतनाम सहित विभिन्न देशों से आए बौद्ध अनुयायियों की मौजूदगी ने इस आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप प्रदान किया। गौरतलब है कि बौद्ध धर्म में कठिन चीवर दान का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। वर्षावास के तीन महीने पूरे होने के बाद बौद्ध भिक्षुओं को चीवर यानी वस्त्र दान करने की यह सदियों पुरानी परंपरा निभाई जाती है। इसे दान, त्याग और सेवा की भावना से जोड़कर देखा जाता है।
 
गया से कोयलांचल लाइव की लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट