Date: 02/11/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

रेलवे क्वार्टर से रणजी टीम की कप्तानी तक का सफर, मंगल महरौर ने बढ़ाया गया का मान...

11/2/2026 12:25:24 PM IST

14
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Gaya : गया शहर के रहने वाले मंगल महरौर को बिहार रणजी ट्रॉफी टीम का कप्तान बनाया गया है, इसे लेकर मंगल के समर्थक और रिश्तेदारों के द्वारा बधाईयों का तांता लगा हुआ है. इसी क्रम में गया के हरिहर सुब्रमण्यम स्टेडियम में खेल जगत से जुड़े लोगों ने मंगल का बैनर-पोस्टर लगाकर उसे बधाइयां दी और खुशी मनाया. हालांकि इस दौरान मंगल गया में उपस्थित नहीं थे, वे क्रिकेट खेलने के लिए गोवा गए हुए हैं|
इस दौरान मगध रोटरी क्लब के अध्यक्ष अशोक सिंह ने बताया कि मंगल ने गया का नाम रोशन किया है. गया का बच्चा आज रणजी ट्रॉफी टीम का कप्तान बना है, इससे न सिर्फ उसके परिवार बल्कि गयावासियों का भी मान बढ़ा है. एक छोटे से जगह से अपनी कड़ी मेहनत और लगन से मंगल महरौर ने पूरे जिले का नाम रोशन किया है. उन्होंने बताया कि इसी हरिहर सुब्रमण्यम स्टेडियम में मंगल प्रेक्टिस किया करता था. तमाम असीमित सुविधाओं के बावजूद अपनी मेहनत की बदौलत वह आगे बढ़ा है, इससे हम सबों में खुशी का माहौल व्याप्त है. उन्होंने कहा कि अगर राज्य सरकार खेल को बढ़ावा दे तो और भी नए खिलाड़ी देश का नाम रोशन कर सकते हैं। वही स्थानीय निवासी संतोष कुमार उर्फ छोटे ने कहा कि इसी स्टेडियम में लगभग 15 वर्ष पहले से मंगल दिन-रात यहां प्रेक्टिस किया करता था. स्टेडियम में कोई सुविधा न होने के बावजूद खुद से पिच बनाना और प्रैक्टिस करना उसकी दिनचर्या थी. 15 सालों की कठिन मेहनत के बाद आज वह रणजी ट्रॉफी टीम का कप्तान बना है, इससे हम लोगों में काफी खुशी है. उसके पिता रेल कर्मचारी है, पहले उसका पूरा परिवार रेलवे क्वार्टर में रहता था, लेकिन क्वार्टर टूट जाने के बावजूद अब ये सभी लोग किराए के मकान पर रहते हैं, ऐसे में सीमित साधन के बावजूद उसने कड़ी मेहनत कर पूरे जिले का नाम रोशन किया है. हमलोग उसके उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं|
 
 

गया से कोयलांचल लाइव की लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट